गुंडा विरोधी अभियान....
इंदौर. होली को देखते हुए पुलिस बदमाशों की धरपकड़ कर रही है। निशाने पर तीन साल में चाकूबाजी करने वाले बदमाश हैं। सभी इलाकों में पुलिस धरपकड़ कर रही है, कुछ बदमाशों का जुलूस भी निकाला गया। पिछले 24 घंटे में पुलिस टीमें 221 बदमाशों की धरपकड़ कर चुकी है।
डीआईजी के निर्देश पर पुलिस ने गुंडा अभियान चला रखा है। रात में बदमाशों के घर पहुंचकर उनकी धरपकड़ कर रही है। होली के दौरान किसी तरह की घटना न हो इसे ध्यान में रखते हुए बदमाशों को पकड़ा जा रहा है। चाकूबाजी करने वाले बदमाशों की लिस्ट बनाकर सभी की धरपकड़ की जा रही है। सीएसपी जयंतसिंह राठौर की टीम ने सोमवार को इलाके के 8 बदमाशों का पकड़ा और उनका पंचम की फेल व आसपास के इलाके में जुलूस भी निकाला। इस दौरान वहां काफी भीड़ जमा हो गई थी। अफसरों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में शहर के पूर्वी क्षेत्र में 136 तथा पश्चिम क्षेत्र में 85 बदमाश इस तरह 221 बदमाशों को पकड़ा गया। साथ ही 61 स्थायी वारंटी व 20 गिरफ्तारी वारंटी भी पकड़े गए।
एमआईजी में इन बदमाशों का निकला जुलूस
एमआईजी थाना एसआई चौहान के मुताबिक, टीम ने संदीप पटेल निवासी नंदानगर, धर्मेंद्र उर्फ चप्पू निवासी बेकरी गली, अजय निवासी रुस्तम का बगीचा, संतोष उर्फ शेरा निवासी रुस्तम का बगीचा, रविंद्र निवासी छोटी खजरानी, गणेश भट्ट निवासी नादिया नगर, अनिल जाटव निवासी जगजीवनराम नगर, मनोज जाट, धीरज मेहरा को पकडक़र उनका इलाके में जुलूस निकाला।
होली पर हुड़दंगियों पर नजर रखेंगे नसुस सदस्य
होली पर पुलिस के सहयोग के लिए तैनात रहने वाले नगर सुरक्षा समिति के सदस्यों को हुड़दंगियों पर भी नजर रखने की जिम्मेदारी दी गई है। बदमाश की सूचना देने पर नाम लीक होने की सूचना पर अफसरों ने तय किया है कि सदस्य सूचना पहले बीट प्रभारी को देंगे, बीट प्रभारी थाना संयोजक को और थाना संयोजक सीएसपी संयोजक को। इसके बाद सूचना जिला संयोजक रमेश शर्मा व अमरजीतसिंह सूदन को दी जाएगी ताकि किसी का नाम लीक न हो सके और फिर पुलिस सूचना के आधार पर कार्रवाई कर देगी। एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे ने बैठक में सभी सदस्यों को उनके काम की जिम्मेदारी सौंपी। सदस्यों से कहा गया कि वे बदमाशों की हरकत की जानकारी बिना डरे दें, अलग-अलग लोगों के माध्यम से होते हुए सूचना अफसरों तक आएगी, जिससे सूचना देने वाला का काम पूरी तरह गुप्त रहेगा।