इंदौर

दलितों का दिल जीतने के लिए भाजपा का नया पैंतरा

- उपाध्याय व मुखर्जी के साथ अब आंबेडकर -दलित वर्ग को साधने के लिए जुटी भाजपा - नगर, मंडल होते हुए बूथों पर पहुंची

2 min read
दलितों का दिल जीतने के लिए भाजपा का नया पैंतरा

इंदौर. भाजपा शुरू से ही सामाजिक समरसता की पक्षधर रही है, जिसके चलते संगठन के पदों में दलित वर्ग को समान अधिकार देते आई है। तीन में से एक महामंत्री आरक्षित रहता है। अब पूजन में भी दीनदयाल उपाध्याय व श्यामाप्रसाद मुखर्जी के साथ बाबा साहेब आम्बेडकर को मजबूती से स्थान दिया जा रहा है।


बूथ विस्तारक अभियान की अपार सफलता के बाद नगर भाजपा ने एक नई पहल की है, जिसमें सभी बूथों के अध्यक्षों के यहां पर जिम्मेदारोंं का प्रवास रखा। इसका नाम त्रिदेव संवाद अभियान दिया गया, जिसमें अध्यक्ष के साथ महामंत्री और बीएलए के साथ बात होगी। नगर भाजपा अध्यक्ष गौरव रणदिवे की बनाई योजना से चार तस्वीरें दी जा रही हैं ताकि भविष्य में होने वाले कोई भी आयोजन में उन्हें रखकर पहले पूजन किया जा सके। कोई भी कार्यक्रम हो तो उन्हें स्थान दिया जाए।


चार में से पहली तस्वीर भारत माता की है तो दूसरी पार्टी संस्थापक पं. दीनदयाल उपाध्याय और तीसरी श्यामाप्रसाद मुखर्जी की है। वहीं चौथी तस्वीर भारतीय संविधान के रचयिता और दलित मसीहा डॉ. भीमराव आम्बेडकर की है। आम्बेडकर का चित्र पहली बार भाजपा की बूथों तक पहुंचा है जबकि पूर्व में होने वाले आयोजनों में उपाध्याय व मुखर्जी की तस्वीर ही लगाई जाती थी। आम्बेडकर की तस्वीर लगाकर इंदौर भाजपा ने नई पहल की है। उन्हें भी पार्टी अब बराबरी से पूजेगी। इधर, 14 अप्रैल को आम्बेडकर जयंती पर भी पार्टी कई आयोजन कर रही है। अजा मोर्चा मंडल स्तर पर कार्यक्रम करने जा रहा है। वहीं मुख्यमंत्री शिवराजङ्क्षसह चौहान भी उनकी जन्मस्थली महू जाएंगे।


संगठन में मिलता है प्रतिनिधित्व
गौरतलब है कि भाजपा संगठन शुरू से दलित वर्ग को साथ में लेकर चलने का प्रयास कर रहा है। इसी वजह से संगठन के पदों पर जैसे 33 प्रतिशत महिलाओं के लिए पद आरक्षित किए हैं तो अजा वर्ग का भी कोटा तय कर रखा है। सबसे बड़ी बात कि अध्यक्ष के बाद महामंत्री के पद को महत्वपूर्ण माना जाता है जिसमें से एक पद अजा वर्ग के नेता को वर्षों से दिया जा रहा है। वहीं रणदिवे ने अजा वर्ग से महिला को महामंत्री बनाकर चौंका दिया।


600 से अधिक पर दस्तक
सोमवार से दो दिनी त्रिदेव अभियान का श्री गणेश हो गया। नगर पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को 6 से 9 बूथ तक की जिम्मेदारी दी गई है। कल 600 से अधिक स्थानों पर वे पहुंचे। कुल 1580 बूथों पर जाना है, जिसके लिए आज टीम फिर से निकलेगी। संगठन से लेकर क्षेत्र की परिस्थितियों पर बात की जा रही है।

Published on:
12 Apr 2022 11:38 am
Also Read
View All