
एमपी के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी हिरासत में।
Jitu Patwari brother detained- मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी को पुलिस ने हिरासत में लिया है। उन पर ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े होने का आरोप है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की है। दो कथित ड्रग्स पैडलरों की कल हुई गिरफ्तारी के बाद नाना पटवारी को भी हिरासत में लिया गया है।
मध्यप्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी को गुरुवार को पुलिस ने हिरासत में लिया है। उनसे ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े मामलों में पूछताछ की जा रही है। इंदौर के राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने बुधवार देर रात को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उनसे हुई पूछताछ के बाद नाना पटवारी का नाम सामने आया है। इसी सिलसिले में यह पूछताछ की जा रही है।
एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर मीडिया को बताया कि आरोपियों ने नाना पटवारी से संबंध होने की बात स्वीकारी है। पूछताछ में भी नाना पटवारी ने इन आरोपियों को पहचाना है। हालांकि पुलिस इस मामले में नाना पटवारी और दोनों गिरफ्तार आरोपियों का संबंध केवल परिचय मात्र था या ड्रग्स नेटवर् से जुड़ी कोई कड़ी हो सकती है, इस बात की भी पड़ताल कर रही है।
जीतू के भाई को हिरासत में लेने के बाद राजनीति में घमासान बढ़ सकता है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष ने इस कार्रवाई की पुष्टि की है। वहीं राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
इस मामले के सामने आने के बाद बिजलपुर स्थित जीतू पटवारी के निवास पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगना शुरू हो गया था। पूरे घटनाक्रम पर पार्टी नेता चर्चा कर रहे हैं। वहीं पुलिस की कार्यप्रणाली पर चिंता जता रहे हैं। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है तो उसके परिवार को जानकारी क्यों नहीं दी गई। इस मामले में पुलिस का औपचारिक बयान सामने नहीं आया है। जांच एजेंसियां यह जानने का प्रयास कर रही है कि नाना पटवारी का कथित ड्रग्स कारोबार से सीधा संबंध था या उनका नाम महज जान-पहचान के स्तर पर लिया गया है।
बताया जा रहा है कि इससे पहले नाना पटवारी का नाम एक ड्रग्स प्रकरण में सामने आ चुका है। यही कारण है कि पुलिस इस मामले की कड़ियों को पुराने मामलों से भी जोड़कर देख रही है। फिलहाल इस मामले में पुलिस का कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
Updated on:
09 Jul 2026 06:19 pm
Published on:
09 Jul 2026 05:32 pm
