9 जुलाई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

हेरिटेज ट्रैक पर होंगे ‘होटल-कैफेटेरिया’, पर्यटकों को मिलेंगी सुविधाएं, इंदौर में प्लानिंग शुरु

Heritage Track: हेरिटेज ट्रैक पर पर्यटक होटल, कैफेटेरिया का भी आनंद ले सकेंगे। इसके लिए प्लानिंग शुरु कर दी गई है।
2 min read
Google source verification
Heritage Track: पर्यटक ले सकेंगे आनंद (Photo Source - Patrika)

Heritage Track: पर्यटक ले सकेंगे आनंद (Photo Source - Patrika)

Patalpani to Kalakund Heritage Track: एमपी में इंदौर शहर के पास पातालपानी से कालाकुंड के बीच घोषित किए गए हेरिटेज ट्रैक पर अब सिर्फ ट्रेन की सवारी ही आकर्षण नहीं होगी। रेलवे इस पूरे रूट को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी में जुट गया है। योजना के तहत ट्रैक के आसपास होटल, कैफेटेरिया और पर्यटकों के मनोरंजन के लिए अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी ताकि यहां आने वाले सैलानियों को प्राकृतिक सौंदर्य के साथ बेहतर पर्यटन सुविधाएं भी मिल सकें।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस संबंध में प्रारंभिक प्लानिंग शुरू कर दी गई है। जल्द ही विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर उसे अमल में लाया जाएगा। अधिकारियों का मानना है कि हेरिटेज ट्रैक पर आने वाले पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ेगी, इसलिए यहां आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी हैं। इसी उद्देश्य से होटल और कैफेटेरिया विकसित करने की योजना बनाई जा रही है। इससे पर्यटक अधिक समय तक इस क्षेत्र में रुक सकेंगे और आसपास के प्राकृतिक व पर्यटन स्थलों का भी आनंद ले पाएंगे।

इस माह के अंत तक आएंगे रैक

इधर, हेरिटेज ट्रेन के संचालन को लेकर भी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि मेंटेनेंस के लिए भेजे गए ट्रेन के रैक जुलाई के अंत तक वापस आने की संभावना है। इसके बाद अगस्त में पातालपानी-कलाकुंड हेरिटेज ट्रैक पर ट्रेन का संचालन दोबारा शुरू किया जा सकता है। ट्रेन शुरू होने के साथ ही रेलवे इस पूरे रूट को पर्यटन की टृष्टि से नई पहचान देने की दिशा में काम करेगा। पातालपानी और कालाकुंड के बीच का यह रेलमार्ग घने जंगलों, पहाडिय़ों, घाट सेक्शन, सुरंगों और मनमोहक प्राकृतिक दृश्यों के कारण लंबे समय से पर्यटकों की पसंद रहा है।

ट्रेनें लेट, फ्लाइट डायवर्ट

मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी बारिश का असर तीसरे दिन भी रेल और हवाई यातायात पर बना रहा। इसका प्रभाव इंदौर पर भी देखने को मिला। रेलवे ने रैक समय पर नहीं पहुंचने के कारण इंदौर-मुंबई अवंतिका एक्सप्रेस को रीशेड्यूल कर देर रात रवाना किया, जबकि पुणे-इंदौर दौंड एक्सप्रेस भी निर्धारित समय से देरी से चली। रैक लेट होने से अन्य ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित हुआ।

वहीं हैदराबाद से मुंबई जा रही एक फ्लाइट को खराब मौसम के कारण इंदौर एयरपोर्ट पर डायवर्ट करना पड़ा। विमान ने इंदौर में कुछ समय रुकने के बाद मौसम सामान्य होने पर मुंबई के लिए उड़ान भरी। रेलवे और एयरलाइंस लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि मुंबई में मौसम सामान्य होने के बाद ही रेल और हवाई सेवाएं पूरी तरह पटरी पर लौट सकेंगी।