LPG Price Hike : 20 रुपए का समोसा 25 का हुआ, 70 की भोजन थाली अब 90 रुपए में मिल रही...। कमर्शियल गैस की कीमतों में लगी ‘आग’ से इंदौर के चटखारे हुए महंगे।
LPG Price Hike: कर्मिश्यल गैस के दाम बढ़ने से इंदौर में खाने-पीने की दुकानों पर खासा असर पड़ रहा है। इंदौर के स्वाद पर महंगाई का असर हो रहा है। जहां 15 रुपए के समोसे-कचोरी-पोहे थे वहां 20 रुपए हो गए है और जहां 20 रुपए दाम था वहां 25 रुपए कर दिया गया है। ऐसे ही भोजन थालियां भी महंगी हो गई हैं।
रणजीत हनुमान रोड पर होटल का संचालन करने वाले व्यवसायी ने बताया, पहले हमारे यहां 18 रुपए में समोसे-कचोरी मिलते थे, अब 20 रुपए हो गया है। इसी तरह अन्नपूर्णा, धार रोड और जवाहर मार्ग समेत कई दुकानदारों ने 20 रुपए की जगह 25 रुपए कर दिए हैं।
कोठारी मार्केट के कचोरी विक्रेता दीपक भोजावत ने बताया, डीजल भट्टी से काम चला रहे हैं। कोयले, लकड़ी का उपयोग भी किया जा रहा है। डीजल भट्टी महंगी पड़ रही है। क्वालिटी, स्वाद से समझौता नहीं किया जा रहा है। कचोरी के रेट भी नहीं बढ़ाए हैं। ग्राहकों की सुविधा के लिए हम नुकसान उठा रहे हैं।
गणेश त्रिवेदी ने बताया, धार रोड स्थित होटल पर 10 रुपए प्रति थाली रेट बढ़ा दिए हैं। इसी तरह जवाहर मार्ग के भोजनालय संचालक ने बताया, उन्होंने भी 10 प्रति थाली के रेट बढ़ा दिए हैं। एमजी रोड और पाटनीपुरा के होटल संचालक राजा प्रजापत ने बताया, 70 रुपए की थाली 90 और 170 की थाली 180 हो गई है। इसके अलावा हरी सब्जियों में 10 रुपए और पनीर की सब्जियों में 20 रुपए बढ़ाना मजबूरी है।
मुंबई में भी कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 3,024 रुपये हो गई है, जो कि पहले 2,031 रुपये थी। कोलकाता में 994 रुपये का इजाफा हुआ है। यहां पर सिलेंडर की कीमत 2,208 से बढ़कर 3,202 हो गई है। इसी तरह चेन्नई में भी 3,237 रुपये का सिलेंडर हो गया है। पहले यह 2,245.50 रुपये का था।
इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC) ने कहा है कि पेट्रोल, डीजल और घरेलू LPG (14.2 किलो सिलेंडर) की कीमतें यथावत रखी गई हैं, जिससे घरेलू उपभोक्ताओं को अंतरराष्ट्रीय ईंधन कीमतों में हालिया बढ़ोतरी से पूरी तरह सुरक्षा दी गई है। IOC ने कहा कि घरेलू LPG (14.2 किलो) की कीमतों में 33 करोड़ घरेलू उपभोक्ताओं के लिए कोई बदलाव नहीं किया गया है। उसने आगे बताया कि लगभग 80% पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है, जिससे अधिकांश उपभोक्ताओं को स्थिरता मिली है।