
इंदौर . बायपास पर बीती रात एक टेंट हाउस के गोदाम में भीषण आग लग गई। छह घंटे से भी ज्यादा समय में आग पर काबू पाया जा सका।
फायर ब्रिगेड के अनुसार कल रात दो बजे बायपास ओमेक्स सिटी- 2 के आगे स्थित आरके टेंट हाउस के गोदाम में आग लग गई थी। आग ने देखते ही पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया था। आग पर काबू पाने में छह घंटे से ज्यादा का समय लग गया था। इसके बाद भी वह धीरे-धीरे धधक रही थी।
10 टैंकर से ज्यादा पानी लग गया
आज सुबह सात बजे आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। आग पर काबू पानी में 10 टैंकर से ज्यादा पानी लग गया। आगजनी के दौरान गोदाम का शेड गिरने से सामान दब गया था। ज्वलनशील पदार्थ भरा होने के कारण उसमें बार-बार आग सुलग रही थी। इसी को देखते हुए आसपास के मजदूरों को बुलाकर शेड को हटाने का काम शुरु किया और आग पूरी तरह बुझाई जा सकी।
एक महीने पहले भी हो जाता हादसा
फायर ब्रिगेड अफसरों ने बताया कि करीबन एक महीने पहले भी यहां पर हादसा होते-होते बचा था। गोदाम के पास स्थित खेत हैं, जहां किसी ने नरवाई जलाई और उसने आग पकड़ ली थी। आग गोदाम तक पहुंच गई थी, लेकिन समय रहते सूचना मिलने पर टीम ने यहां पहुंचकर आग को गोदाम तक पहुंचने से रोक दिया था।
तेज हवाओं ने किया काम मुश्किल
मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम को आग बुझाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। यहां खुला इलाका होने के कारण तेज हवाएं चल रही थीं। टेंट हाउस दो हिस्सों में बना हुआ है। एक हिस्से में आग जल रही थी, जबकि दूसरा हिस्सा सुरक्षित था। इसी के चलते दो टीम लगाई गई थीं, ताकि दूसरा हिस्से तक आग न पहुंच सके।