
इंदौर. बॉयफ्रेंड की मां ने शादी से इनकार किया तो बी. फार्मा की छात्रा ने जहर खाकर खुदकुशी कर ली।अपनी आत्महत्या का जिम्मेदार उसने बॉयफ्रेंड की माँ को बताया है। सूचना पर गुजरात में रहने वाले उसके पिता और भाई इंदौर पहुंचे। पोस्टमॉर्टम के बाद वह शव गृहक्षेत्र सतना ले गए।
टीआई आरके सिंह के मुताबिक, एसजीएसआइटीएस की बी. फार्मा फाइनल की छात्रा सुनीता (23) पिता ओमप्रकाश शुक्ला निवासी एकवीरा अपार्टमेंट ने फ्लैट नंबर 101 में शुक्रवार शाम 5 से 6 बजे के बीच जहर खा लिया। तबीयत बिगडऩे पर उसने स्कूल में साथ पढ़े शुभम गुप्ता निवासी विजय नगर को फोन किया। शुभम पहुंचा और उसे निजी हॉस्पिटल ले गया। इसके बाद गोकुलदास हॉस्पिटल लेकर पहुंचा। सूचना पर थाने से ओमनारायण शुक्ला छात्रा के बयान लेने पहुंचे। सुनीता ने बताया, उसका शिवम मिश्रा निवासी प्रतापगढ़, इलाहाबाद से प्रेम प्रसंग चल रहा था। वह शिवम से शादी करना चाहती थी। शिवम की मां को पता चला तो उन्होंने शादी के लिए इनकार कर दिया। इससे तनाव में आकर उसने यह कदम उठाया। उसने फ्लैट में सुसाइड नोट छोड़ा है। कुछ देर उपचार के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
साइड नोट जब्त
टीआई ने बताया, सील फ्लैट पर एफएसएल की टीम से जांच कराने के साथ सुसाइड नोट भी जब्त होगा। शिवम मिश्रा व सुनीता के बीच कितने समय से बातचीत थी, एेसे कई बिंदु पर जांच की जाएगी। मजिस्ट्रेट ने भी छात्रा के बयान लिए हैं।
प्रबंधन ने पिता से बात की
दोस्त शुभम ने बताया, वह सुनीता को हॉस्पिटल लेकर पहुंचा तो प्रबंधन ने उसके पिता को सूचना देने के बाद उपचार शुरू किया। सूचना के बाद पहुंचे सुनीता के भाई शिवपूजन शुक्ला ने बताया, वह गुजरात में केमिकल फैक्ट्री में नौकरी करता है। उसी कंपनी के मेंटेनेंस विभाग में पिता भी पदस्थ हैं। वह सुनीता का शव अंतिम संस्कार के लिए मैहर, सतना ले गए।