इंदौर

Parshuram Lok: 982 करोड़ में जानापाव पहुंचेगा नर्मदा का पानी, पर्यटकों के लिए रोप वे का निर्माण

Parshuram Jayanti: विंध्याचल की सबसे ऊंची चोटी और भगवान परशुराम की जन्मस्थली जानापाव पर भव्य परशुराम लोक बन रहा है। रोप-वे को मिली मंजूरी, नर्मदा जल लिफ्ट कर पहाड़ी तक पहुंचाने की योजना भी शुरू।

2 min read
Apr 30, 2025

Parshuram Jayanti: (अश्विन गोस्वामी की रिपोर्ट)- भगवान् विष्णु के छठवें अवतार भगवान परशुराम की जन्मभूमि जानापाव पहाड़ी पर भव्य परशुराम लोक (Parshuram Lok) आकार ले रहा है। बीते तीन साल से यहां लगातार विकास कार्य हो रहे है। जानापाव में भगवान परशुराम के भव्य मंदिर के साथ ही हर्बल गार्डन और कुंड को संवारा जा रहा है। यहां श्रृद्धालुओं की सुविधा के लिए रोप-वे भी बनेगा। इसके लिए सर्वें और प्रस्ताव बनाकर वन विभाग ने जमीन अलॉटमेंट को हरी झंडी दे दी है। करीब पांच करोड़ की लागत से रोप-वे बनाया जाएगा। वहीं, जानापाव की पहाड़ी पर स्थित एतिहासिक कुंड तक खरगोन जिले के मंडलेश्वर से नर्मदा जल पहुंचाया जाएगा।

प्रकृति की गोद में धार्मिक पर्यटन केन्द्र

जानापाव में 10 करोड़ 32 लाख रुपए की लागत से परशुराम लोक बन रहा है। इसमें साढ़े सात नदियों के पौराणिक महत्व वाले कुंड के विकास के साथ ऑडिटोरियम, ध्यान कुटीर, हर्बल गार्डन, फेंसिंग, बहुउद्देश्यीय भवन आदि का निर्माण किया जा रहा है। गौरतलब है कि 30 मई 2023 को तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जानापाव पहुंचे थे।

यहां उन्होंने परशुराम लोक के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया था। अब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इसे आगे बढ़ा रहे हैं। विंध्याचल पर्वतमाला की गोद में जानापाव को धार्मिक पर्यटन स्थल के तौर पर विकसित किया जा रहा है।

2500 फीट की ऊंची पहाड़ी तक जाएगा रोप-वे

भगवान परशुराम की जन्मस्थली यानी करीब 2500 फीट ऊंची पहाड़ी पर जाने के लिए रोप-वे निर्माण की घोषणा की गई थी। जानापाव पहाड़ी के निचले तल पर पंचमुखी हनुमान मंदिर से रोप-वे की शुरुआत होगी। यहां रोप-वे का लोवर स्टेशन बनाया जाएगा। जिसका दूसरा छोर जानापाव की पहाड़ी पर परशुराम लोक से मिलेगा। यहां अपर स्टेशन बनाया जाएगा। इसके साथ ही बीच में मीडिल स्टेशन भी बनेगा। इसका पीपीपी मोड पर संचालन होगा। रोप-वे की कुल लंबाई 700 मीटर से ज्यादा बताई जा रही है।

पहाड़ पर चढ़ाएंगे मां नर्मदा का जल

भगवान परशुराम की जन्मस्थली जानापाव तक नर्मदा जल पहुंचेगा। इसके लिए 982 करोड़ 52 लाख रुपए की स्वीकृति हुई है। योजना में 558 फीट ऊंचाई तक नर्मदा जल लिफ्ट किया जाएगा। इसके लिए 6 अलग-अलग स्थानों पर पंपिंग स्टेशन बनेेंगे।

रोप-वे के लिए कार्य जारी

जानापाव पहाड़ी तक रोप-वे प्रोजेक्ट में तकनीकी तौर पर कुछ परेशानी थी, जिनका हल निकाला गया है। परशुराम लोक के कार्यों को समय पर पूर्ण कराने का प्रयास किया जा रहा है। - राकेश परमार, एसडीएम, महू

Published on:
30 Apr 2025 12:36 pm
Also Read
View All

अगली खबर