MP News: ऐप पर कचरे का प्रकार और उसका साइज बताना होगा, इससे उस साइज का वाहन निगम भेजेगा।
MP News: एमपी में इंदौर नगर निगम शहर के साथ ही अब घरों और अन्य आयोजन स्थलों की सफाई भी करेगा। पार्टी व अन्य आयोजन के दौरान घरों में होने वाले कचरे की सफाई हो या मकान शिफ्टिंग के बाद घर की सफाई और वहां बचे फर्नीचर व अन्य कचरे का निपटान, निगम सभी काम करेगा।
यह सुविधा ऑन डिमांड रहेगी और इसके लिए सुविधा अनुसार शुल्क वसूला जाएगा। पहले चरण में यह सुविधा एक ऐप पर शुरू होगी और कुछ समय बाद इसे 311 ऐप से लिंक कर दिया जाएगा।
आम तौर पर घरों में जन्मदिन पार्टी या अन्य कार्यक्रम किए जाते हैं। आयोजन समाप्ति के बाद सबसे बड़ी चुनौती होती है, घर की सफाई और घर से निकले कचरे का निपटान। खुले स्थान पर कचरा फेंकना प्रतिबंधित है। कई बार मकान शिफ्टिंग में फर्नीचर आदि को घरों में ही छोड़ दिया जाता है।
ऐसे कचरे को भी खुले स्थान पर नहीं फेंका जा सकता। डोर टू डोर कचरा इकट्ठा करने वाली गाड़ी भी इसे लेकर नहीं जाती। निगम ऐप पर इस तरह के कचरे को हटवाने और घर की सफाई के लिए एप्लाई किया जा सकेगा।
ऐप पर कचरे का प्रकार और उसका साइज बताना होगा, इससे उस साइज का वाहन निगम भेजेगा। टीम कचरे के प्रकार और साइज को देखकर शुल्क बता देगी। सर्विस बुक करते ही टीम पहुंचेगी और काम को अंजाम देगी। इस सुविधा से आमजन को तो राहत मिलेगी ही, निगम को नई पहचान के साथ आर्थिक मजबूती मिलेगी।
नगर निगम की नई सुविधा से हर हाल में जीरो वेस्ट कॉन्सेप्ट भी पूरा होगा। सबसे स्वच्छ शहर बने रहने के लिए शहर से निकलने वाले कचरे का शत-प्रतिशत निपटान जरूरी है। कई बार कचरा कलेक्शन के बाद ट्रेंचिंग ग्राउंड प्लांट पर भेज दिया जाता है लेकिन निपटान नहीं हो पाता। लेकिन अब हर हाल में जीरो वेस्ट निपटान किया जा सकेगा।
नगर निगम अब हाईटेक सर्विस प्रोवाइडर बनने जा रहा है। ऑन डिमांड घरों की सफाई भी करेगा। इसके लिए काम के अनुसार शुल्क का निर्धारण किया जा चुका है। सुविधा के लिए कोई भी नागरिक निगम क्षेत्र में ऐप पर आवेदन कर सकता है। -शिवम वर्मा, निगमायुक्त इंदौर