MP News: मध्य प्रदेश के करीब 100 से अधिक लोग दुबई में फंसे हुए हैं।
MP News: इजराइल और अमेरिका के द्वारा ईरान पर हमला किया गया। जिसके जवाब में ईरान ने दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा के पास ड्रोन हमला किया। हमले के बाद दुबई के सभी एयरपोर्ट्स को बंद कर दिया गया है। साथ ही सभी फ्लाइट्स को अनिश्चितकाल के लिए निरस्त कर दिया गया है।
इजराइल-ईरान का जंग का सीधा असर मध्य प्रदेश पर भी पड़ा है। शरजाह से इंदौर आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX-256 रद्द हो गई है। कल की फ्लाइट IX255 (IDR–SHJ) और IX256 (SHJ–IDR) भी कैंसिल कर दी गई हैं। जिसके कारण 100 से अधिक यात्री एयरपोर्ट्स पर फंस गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, दुबई में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए इंदौर पूर्व विधायक संजय शुक्ला, विशाल पटेल, प्रवीण कक्कड़, सहारा ग्रुप के मनीष सहारा, अग्रवाल समूह के संजय अग्रवाल, सी-21 मॉल के मालिक पिंटू छाबड़ा, गोलू पाटनी समेत कई अन्य लोग शामिल हैं। जो कि एयरपोर्ट पर फंसे हुए हैं।
इंदौर, भोपाल, ग्वालियर समेत कई जिलों के लोग दुबई में फंसे हुए हैं। इनमें सबसे ज्यादा फैमिली हैं। जो कि छुट्टियां बिताने या पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गए थे। ऐसे में अब वापसी को लेकर चिंता बनी हुई है।
पूर्व विधायक संजय शुक्ला ने कहा कि आप सभी की चिंता, स्नेह और निरंतर फोन कॉल्स के लिए हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ। मैं आप सभी को आश्वस्त करना चाहता हूँ कि मैं, मेरा पुत्र आकाश एवं मेरे सभी साथी पूर्णतः सुरक्षित एवं कुशल हैं।
वर्तमान अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण दुबई एयरपोर्ट अस्थायी रूप से बंद होने से हमारी आज भारत वापसी संभव नहीं हो सकी है। इस दौरान दुबई सरकार एवं भारत सरकार द्वारा हमें पूरा सहयोग एवं सहायता प्राप्त हो रही है।
आप सभी की प्रार्थनाएँ और शुभकामनाएँ हमारे साथ हैं, इसके लिए मैं विशेष रूप से आपका धन्यवाद करता हूँ। परिस्थितियाँ सामान्य होते ही हम शीघ्र ही इंदौर लौटेंगे। आप सभी से आग्रह है कि किसी भी प्रकार की चिंता न करें।