इंदौर

एमपी में ‘नर्स’ ने काटा नवजात का अंगूठा, स्वास्थ्य विभाग ने किया सस्पेंड

MP News: मध्यप्रदेश के इंदौर में नर्स की गलती से नवजात का अंगूठा कट गया। जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने सस्पेंड कर दिया।

less than 1 minute read
Jan 10, 2026

MP News: मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में चाचा नेहरू अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ की गलती के कारण डेढ़ माह के नवजात का अंगूठा कटने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार इंट्राकैथ निकालते समय लापरवाही हुई थी। इसके बाद उसे सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल भेजा गया, जहां सर्जरी कर अंगूठे को जोड़ा गया। अस्पताल प्रशासन ने तुरंत नर्स को सस्पेंड कर दिया है और अन्य जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ भी कार्रवाई शुरू की गई है।

जानकारी के अनुसार, न्यू चेस्ट वार्ड में ये घटना बुधवार की है। एमजीएम के डीन डॉ. अरविंद घनघोरिया ने नर्सिंग ऑफिसर आरती श्रोत्रिय को निलंबित कर दिया। तीन सहायक नर्सिंग स्टाफ का एक एक माह का वेतन रोक दिया है। बच्चे के परिजन का कहना है कि निमोनिया होने से उसे न्यू चेस्ट वार्ड में भर्ती किया था। इंट्राकैथ बदलते समय टैप काटने के लिए नर्सिंग ऑफिसर श्रोत्रिय ने लापरवाही से कैंची चला दी।

डीन के निर्देश पर मामले की जांच करने एमवायएच के अधीक्षक डॉ. अशोक यादव की अध्यक्षता में समिति बनाई गई। समिति में न्यू चेस्ट वार्ड इंचार्ज डॉ. निर्भय मेहता, डिप्टी सुप्रिटेंडेंट डॉ. रोहित बडेरिया और नर्सिंग सुप्रिटेंडेंट दयावती दयाल है। मामले में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। शिशु का सर्वोत्तम उपचार करने का कहा है।

जांच समिति सदस्य के डॉ. निर्भय मेहता ने बताया कि मामले की जांच के लिए समिति बनाकर बयान लिए जा रहे हैं। नर्सिंग स्टाफ पर कार्रवाई हुई है। सभी के बयान दर्ज कर जांच रिपोर्ट डीन को सौंपेंगे।

Published on:
10 Jan 2026 11:11 am
Also Read
View All

अगली खबर