MP News: मध्य प्रदेश के इंदौर में स्थित NMIMS में वैलेंटाइन-डे के इवेंट पर बवाल मच गया।
MP News: मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर गांधी नगर क्षेत्र स्थित नरसी मोंजी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (एनएमआइएमएस) कॉलेज में गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ‘वैलेंटाइन डे’ के उपलक्ष्य में हुए एक कार्यक्रम का विरोध करने बड़ी संख्या में बजरंग दल के कार्यकर्ता पहुंच गए। हाथों में प्लास्टिक के डंडे और लाठियां लिए कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। सूचना मिलते ही दो थानों की पुलिस पहुंची और स्थिति को संभाला।
बजरंग दल के तन्नू शर्मा का आरोप है कि 12 फरवरी को कॉलेज में ‘वैलेंटाइन डे’ के नाम पर इवेंट आयोजित किया गया था, जिसमें ‘अश्लीलता’ परोसी जा रही थी। उनका कहना है कि उन्होंने कॉलेज प्रशासन को पहले ही इस तरह के आयोजन न करने की चेतावनी दी थी। कार्यकर्ताओं ने इसे भारतीय संस्कृति के खिलाफ बताते हुए तत्काल बंद करने की मांग की।
डीसीपी कृष्णलाल चंदानी ने बताया कि कॉलेज में आयोजन को लेकर पुलिस या प्रशासन से कोई पूर्व अनुमति नहीं ली गई थी। प्रदर्शनकारियों द्वारा कॉलेज परिसर में तोड़फोड़ की खबरें भी सामने आई हैं। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। प्रशासन मामले में कॉलेज को नोटिस जारी कर जवाब तलब करेगा कि बिना सूचना इतना बड़ा आयोजन क्यों किया गया। पुलिस ने तनाव बढ़ता देख कार्यक्रम को बीच में ही रुकवा दिया और छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला।
हैरानी की बात यह है कि कॉलेज परिसर में इतनी बड़ी गहमागहमी और तोड़फोड़ के बावजूद देर शाम तक किसी भी पक्ष ने पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है। पुलिस ने फिलहाल समझाइश देकर प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाया। पुलिस का कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।