इंदौर

इंदौर नगर निगम की खुली पोल…थोड़ी देर की बारसात से सड़कें बनी तालाब

पानी निकासी की व्यवस्था न होने से शहर में पैदा हुई जलभराव की स्थिति

2 min read
Jun 27, 2020
नगर निगम की खुली पोल...थोड़ी देर की बारसात से सड़कें बनी तालाब

इंदौर. बरसात में जलजमाव की स्थिति न बने इसको लेकर नगर निगम पिछले कई दिनों से तैयारी कर रहा है, लेकिन यह तैयारी किस तरह हो रही है इसकी पोल कल रात को हुई थोड़ी देर की बारिश ने ही खोल कर दी। रात में जहां जमकर बरसात हुई, वहीं पानी निकासी की व्यवस्था न होने से शहर की कई सड़कें तालाब बन गई। आज सुबह तक मुख्य सड़कों पर पानी भरा रहा। इस वजह से राहगिरों को काफी परेशानी हुई।

मानसूनी बादल शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में बरस रहे हैं। कल देर रात शहर के पश्चिम और पूर्वी क्षेत्र के कई हिस्सों में बरसात हुई। कहीं तेज तो कहीं धीमी बरसात हुई। रात में थोड़ी देर के लिए हुई बरसात ने निगम की तैयारियों की पोल भी खोलकर रख दी, क्योंकि शहर की कई सड़कों पर जलभराव हो गया। पानी निकासी की व्यवस्था न होने की वजह से ऐसा हुआ, जबकि निगमायुक्त ने जलयंत्रालय एवं ड्रेनेज विभाग, स्ट्रॉम वाटर लाइन की सफाई देखने वाले जनकार्य विभाग और 19 जोन के जोनल अफसरों को बरसात के पानी निकासी की व्यवस्था करने के आदेश जारी कर रखें है। इसके साथ ही सड़कों के गड्ढें भी बरसात के पहले भरने के निर्देश दिए गए है।

निगमायुक्त के आदेश को निगम अफसरों ने ताक पर रख दिया और बरसात के पानी निकासी की व्यवस्था पर ध्यान नहीं दिया। नतीजतन देर रात हुई थोड़ी बरसात ने शहर की कई सड़कों को तालाब में तब्दिल कर दिया। इस कारण आज सुबह राहगिरों को काफी परेशानी हुई, क्योंकि सड़कों पर पानी भरने से वाहन निकालने में दिक्कत हुई। विजय नगर स्थित भमोरी रोड और मधुमिलन पेट्रोल पंप के सामने रोड पर पानी भराया। इन दोनों जगहों पर हर वर्ष पानी भरने की समस्या रहती है। यह जानने के बावजूद निगम के अफसर निकासी की व्यवस्था नहीं करते है।

इस कारण परेशानी आम जनता को भुगतना पड़ता है। सवाल यह है कि रात में थोड़ी देर की बरसात ने शहर की सड़कों को तलाब बना दिया अगर लगातार दो से चार इंच तक बरसात होने पर क्या हालत होगी? निगम के जिम्मेदार अफसरों को चाहिए की बरसात में पानी निकासी की व्यवस्था सुचारू करें, वरना जलभराव की समस्या से आम लोगों को जुझना पड़ेगा।

Published on:
27 Jun 2020 11:01 am
Also Read
View All