MP News: स्थिति है कि करीब 10 लोगों का पूरा मकान सड़क चौड़ीकरण में आ गया है। कई लोग ऐसे हैं, जिनके मकान का एक कमरा बचा है।
MP News: एमपी के इंदौर शहर में कई परिवार बेघर हो गए हैं। एमआर-9 को एमआइजी लिंक रोड से जोड़ने के लिए बनाई जाने वाली 60 फीट चौड़ी सड़क के लिए मालवीय नगर की गली के लगभग हर घर की स्थिति खंडहर नजर आ रही है। किसी मकान का 10 फीट तो किसी का 20 फीट हिस्सा सड़क जा रहा है। ऐसे में लोग अब खुद तोड़ने में जुट गए हैं। लोगों को अब बारिश की परेशानी दिख रही है, लेकिन फिलहाल सड़क बनने की स्थिति नजर नहीं आ रही है।
मालवीय नगर की गली के लगभग हर मकान में जमकर तोडफोड़ की गई है। लोग अपने स्तर पर निर्माण को तोड़ रहे हैं ताकि सड़क को जगह मिल सके। नगर निगम ने 31 मई तक निर्माण तोड़ने की समय सीमा तय की है। इसके बाद निगम जेसीबी से तोड़फोड़ करेगी, जिससे ज्यादा नुकसान हो सकता है। यहां 80-90 प्रतिशत तोड़फोड़ का काम पूरा हो चुका है।
स्थिति है कि करीब 10 लोगों का पूरा मकान सड़क चौड़ीकरण में आ गया है। कई लोग ऐसे हैं, जिनके मकान का एक कमरा बचा है। पहली मंजिल पर जाने के लिए सीड़ियों तक की जगह नहीं बची है। यहां मास्टर प्लान की 60 फीट चौड़ी सड़क बनना है। 7 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। लोगों ने सड़क की चौड़ाई को 10 फीट कम करने का आग्रह किया, लेकिन उनकी मांग नहीं मानी गई।
अपने हाथ से अपना मकान तोड़ने वाले लोग अब चाहते हैं कि निगम जल्द से जल्द सड़क निर्माण काम शुरू करे ताकि वे व्यवस्थित हो सकें। बारिश के दौरान सब ऐसा ही पड़ा रहा तो लोगों का यहां से निकलना मुश्किल हो जाएगा। अभी पूरी सड़क पर तोड़फोड़ का मलबा पड़ा है, कुछ लोग अपने घर को व्यवस्थित कर रहे हैं, जिसकी सामग्री भी सड़क पर पड़ी है। वाहनों का यहां से निकलना मुश्किल हो गया है।
रहवासी रोहित यादव के मुताबिक, सड़क चौड़ीकरण में मकान का काफी हिस्सा आने से निर्माण को तोड़ना पड़ा। निगम ने इसके लिए नोटिस जारी किया था। पहली मंजिल पर जाने के लिए सीढ़ियों की जगह तक नहीं बची है। लोगों न अपने निर्माण तोड़ लिए, निगम को जल्द सड़क का निर्माण पूरा करना चाहिए।
रीना का कहना है, सड़क की जद में आने से मकान का आगे के हिस्से को तोड़ना पड़ा। मकान के पीछे का हिस्सा ठीक कर रहे हैं। नगर निगम जल्द निर्माण शुरू करे अन्यथा बारिश में लोगों को बहुत परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
यहां करीब 10 लोग ऐसे हैं जिनका पूरा घर टूट गया है। नगर निगम ऐसे लोगों को करीब 2 लाख रुपए में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत फ्लैट देने की प्रक्रिया कर रहा है।
जनकार्य समिति प्रभारी राजेंद्र राठौर के मुताबिक, मास्टर प्लान की सड़क निर्माण का काम जल्द शुरू करेंगे। लोगों को बारिश में परेशान नहीं होना पड़ेगा। कई लोगों का पूरा आवास टूट गया है। इन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 2 लाख रुपए में मकान दिया जाएगा।