12 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

MP के इस रेलवे स्टेशन को मिली 4 एकड़ जमीन, अब और बड़ा होगा स्टेशन

MP News: इंदौर के महू रेलवे स्टेशन के लिए रेलवे ने चार एकड़ जमीन से अतिक्रमण हटा दिया है।

2 min read
Google source verification

MP News: मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के महू में रेलवे की चार एकड़ जमीन पर चला अतिक्रमण हटाने का अभियान आखिरकार पूरा हो गया। दो दिन चली कार्रवाई में कच्चे-पक्के सभी मकानों को तोड़कर जमीन खाली करा ली गई। हल्के विरोध और कहासुनी के बीच रेलवे और जिला प्रशासन की टीम ने समझाइश देकर कब्जा हटवाया और जेसीबी की मदद से निर्माण ध्वस्त कर दिए।

प्रशासन ने जारी किए थे नोटिस

यह जमीन महू स्टेशन के विस्तार और महू-खंडवा नई रेल लाइन परियोजना के लिए बेहद अहम मानी जा रही है। लंबे समय से यहां बने मकानों के कारण काम अटका हुआ था। कल भी पक्के निर्माणों पर मशीनें चलीं तो कई परिवारों ने सामान समेटने की मशक्कत की। प्रशासन ने पहले ही नोटिस जारी कर दिए थे, इसलिए अधिकतर लोगों ने खुद ही घर खाली कर दिए थे। बचे हुए हिस्सों को भी पूरी तरह हटाकर क्षेत्र समतल कर दिया गया।

चौथे प्लेटफॉर्म का विस्तार होगा

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक अब यहां चौथे प्लेटफॉर्म का विस्तार किया जाएगा, जिससे ट्रेनों की आवाजाही सुगम होगी। साथ ही महू-खंडवा रेल लाइन बिछाने का काम भी तेज किया जाएगा। यह लाइन आगे पातालपानी से जुड़ेगी, जिससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। कार्रवाई के बाद अब खाली पड़ी जमीन पर जल्द निर्माण गतिविधियां शुरू होने की तैयारी है। स्थानीय लोगों का मानना है कि स्टेशन का विस्तार होने से महू को नई पहचान मिलेगी। रेलवे के इस कदम को विकास की दिशा में बड़ा फैसला माना जा रहा है।

सिंहस्थ-2028 को देखते हुए तैयारियां तेज

सिंहस्थ महापर्व को देखते हुए रेलवे ने तैयारियां तेज कर दी हैं। योजना के तहत इंदौर की कुछ लंबी दूरी की ट्रेनों का ओरिजिनेट महू से किया जाएगा ताकि यात्रियों का दबाव कम हो सके। इसी को ध्यान में रखते हुए महू स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-4 का विस्तार और उन्नयन किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार प्लेटफॉर्म तैयार होते ही यहां से लंबी दूरी की गाड़ियां चलाई जा सकेंगी। सिंहस्थ के दौरान अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन की भी तैयारी है, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मिल सके।