
engineer jcb crush attempt viral video
MP News: मध्यप्रदेश के इंदौर में एक इंजीनियर को जेसीबी मशीन से कुचलने की कोशिश की गई। घटना का वीडियो सामने आया है जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना इंदौर मेट्रो रेल प्रोजेक्ट की एरोड्रम साइट की बताई जा रही है, वीडियो मंगलवार का है जो बुधवार को वायरल हुआ। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने मामले में संज्ञान लिया है और इंजीनियर व जेसीबी ऑपरेटर दोनों के बारे में पता लगाने की कोशिश कर रही है।
देखें वीडियो-
करीब 55 सेकंड का जो वीडियो वायरल हुआ है उसमें दिख रहा है कि जेसीबी ऑपरेटर और इंजीनियर के बीच पहले किसी बात को लेकर विवाद होता है। विवाद के दौरान ही जेसीबी ऑपरेटर जेसीबी का पंजा अचानक इंजीनियर की तरफ मोड़ देता है। जेसीबी का पंजा जैसे ही इंजीनियर के सिर के पास आता है तो वो बचने के लिए नीचे झुकता है और जमीन पर गिर जाता है। इसके बाद जेसीबी ऑपरेटर पंजे से इंजीनियर को दबाने की कोशिश करता है लेकिन ऐन वक्त पर इंजीनियर पीछे की तरफ हट जाता है जिससे उसकी जान बाल-बाल बच जाती है। इस दौरान मौके पर मौजूद लोग शोर मचाते हैं तो इंजीनियर जेसीबी के नीचे से हटकर बाहर निकलता है और फिर एक पत्थर उठाकर जेसीबी पर मारते भी दिख रहा है।
हैरानी की बात ये है कि इतनी बड़ी घटना होने के बाद भी इंजीनियर ने जेसीबी ऑपरेटर के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई है। एरोड्रम थाना पुलिस के मुताबिक कोई शिकायत इस घटना को लेकर दर्ज नहीं कराई गई है लेकिन पुलिस ने खुद मामले पर संज्ञान लिया है और पीड़ित इंजीनियर की तलाश कर रही है। जांच के बाद जेसीबी ऑपरेटर के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
11 Feb 2026 07:34 pm
