
इंदौर। देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (Davv) में पहली बार नामांकन की प्रक्रिया ऑनलाइन शुरू हुई। शुक्रवार को सुबह से ही विद्यार्थियों ने वेबसाइट की लिंक ओपन करके नामांकन प्रक्रिया में भाग लिया। यह नामांकन 11 फरवरी तक चलेगा।
कोरोना संकट के बीच बंद पड़े स्कूल-कॉलेज धीरे-धीरे खुलने लगे हैं, हालांकि स्कूल-कॉलेजों में विद्यार्थियों की संख्या बेहद कम है। इस बीच यूनिवर्सिटी के प्रशासन ने दाखिला लेने वाले यूजी फर्स्ट ईयर और पोस्ट ग्रेजुएट फर्स्ट सेमेस्टर के छात्रों के नामांकन की प्रक्रिया शुरू की है।
शुक्रवार से खुली लिंक में छात्रों से जुड़ी जानकारी निर्धारित फार्मेंट में भरकर देना है। इसके कारण मार्च तक विद्यार्थियों को नामांकन नंबर आवंटित किया जाएगा, जिससे वे अप्रैल से शुरू होने वाली परीक्षाओ में आसानी से शामिल हो पाएंगे। विश्वविद्यालय ने कॉलेजों को जल्द से जल्द अपने छात्रों की प्रक्रिया को पूरा करने के लिए कहा गया है।
देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के 2020-21 सत्र में एडमिशन ले चुके विद्यार्थियों की कक्षाएं शुरू हो गई हैं, लेकिन गाइडलाइन के मुताबिक आधे परीक्षार्थियों को ही बैठने की अनुमति है। एक दिन छोड़कर छात्रों को कॉलेज बुलाया जा रहा है।
विश्वविद्यालय के एक अधिकारी के मुताबिक यूजी-पीजी की सेमेस्टर परीक्षाएं मार्च और यूजी की वार्षिक परीक्षाएं अप्रैल के अंतिम सप्ताह में शुरू होगी। उससे पहले विद्यार्थियों के नामांकन की प्रक्रिया पूरी करना जरूरी है। जिससे परीक्षा फार्म में छात्रों की पूरी जानकारी दी जा सके।
एक नजर
-यूनिवर्सिटी प्रशासन ने विद्यार्थियों और कॉलेजों के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
-छात्रों को एडमिशन संबंधित सभी दस्तावेज कॉलेज में जमा करने को कहा गया है। जिनमें कोर्स का ऑफर लेटर, टीसी, माइग्रेशन, जाति प्रमाण-पत्र, मार्कशीट दस्तावेज शामिल हैं।
-नामांकन की प्रक्रिया 22 जनवरी से 11 फरवरी के बीच पूरी करना जरूरी है।
15 फरवरी तक विश्वविद्यालय को अपने स्तर पर जानकारियों व दस्तावेजों का सत्यापन करना होगा।
-17 फरवरी से विद्यार्थियों को एमपी ऑनलाइन के जरिए नामांकन नंबर आवंटित कर दिए जाएंगे।