इंदौर में भी घोटाला, बैंक अफसरों ने बढ़ा दी थी ओडी लिमिट
मनीष यादव @ इंदौर. पंजाब नेशनल बैंक के अफसर सिर्फ नीरव मोदी पर ही मेहरबान नहीं हंै, ईओडब्ल्यू भी इंदौर के एक मामले की जांच कर रहा है, जिसमें बैंक अफसरों द्वारा फर्जी कंपनी के कर्ताधर्ता पर मेहरबानी कर उन्हें लाखों रुपए का फायदा पहुंचाया गया।
अफसरों ने इंदौर की एक फर्जी कंपनी के खाते की ओडी लिमिट बढ़ा दी थी। कंपनी के कर्ताधर्ता खाते से रुपए निकालकर गायब हो गए। जब असली जमीन मालिक के पास नोटिस पहुंचा तो मामला उजागर हुआ। आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो के पास एक शिकायत दर्ज है। डीएसपी आनंद यादव मामले की जांच कर रहे हैं। उन्होंने बताया सुभाष नगर स्थित पीएनबी की शाखा में किसी पंकज जैन ने एक फर्जी कंपनी के नाम से खाता खोला था। आरोपी ने छोटा बांगड़दा स्थित महिला की जमीन के फर्जी कागज तैयार किए और जमीन पर अपनी कंपनी होना बताया। फर्जी कागजातों के आधार पर उसने खाता खुलवाया। इसके बाद उस खाते की ओवर ड्राफ्ट लिमिट को बढ़वाकर 70 लाख रुपए करवा लिया। कुछ दिन बाद फर्जी ट्रांजेक्शन के जरिए उसने सारी रकम निकाली और गायब हो गया।
ऐसे हुआ खुलासा
सारी प्रॉपर्टी इंदौर के छोटा बांगड़दा क्षेत्र में दिखाई गई थी, इसके चलते वहां से मामला सपना संगीता स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा पर भेजा गया। वहां से जमीन की मालिक को नोटिस दिया गया और रकम अदायगी के लिए कहा। जब जमीन की मालिक को नोटिस मिला, तब खुलासा हुआ कि जिस कंपनी के लिए लिमिट बढ़ाई गई, वह फर्जी है। महिला किसी तरह अफसरों के पास पहुंची। ईओडब्ल्यू ने मामले को संज्ञान में लेते हुए शिकायत दर्ज की। इसमें पंजाब नेशनल बैंक के अफसरों की भी मिलीभगत सामने आई। बैंक अफसरों ने बिना जांच के कंपनी का खाता खुलवाया, फिर उसकी ओवर ड्राफ्ट लिमिट बढ़ी दी थी। सूत्रों के अनुसार जांच रिपोर्ट तैयार कर भोपाल भेजी गई है। जल्द इस प्रकरण में एफआईआर दर्ज की जाएगी।
नीरव की 9 कार जब्त
मुंबई द्य पीएनबी घोटाले में फंसे हीरा व्यापारी नीरव मोदी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए ईडी ने आज उनकी नौ कारों को जब्त कर लिया है। इसके अलावा मोदी से संबंधित 141 बैंक खाते/सावधि जमा (एफडी) खातों को भी आयकर विभाग ने जब्त कर लिया। इन खातों में जमा धन 146 करोड़ के करीब है। दूसरी ओर विभाग ने विक्रम कोठारी के नेतृत्व वाले रोटोमैक समूह की 4 अचल संपत्तियों को भी जब्त किया है। इन संपत्तियों में तीन कानपुर और एक अहमदाबाद में है।