इंदौर

इंदौर में पिछली दिवाली के दिन 22 जगहों पर लगी थी आग, इस बार तैनात रहेंगे ‘अग्निशमन बाइक’ और ‘रोबोट’

Fire incidents: इंदौर में दीपावली पर अग्नि हादसों को लेकर पुलिस और फायर ब्रिगेड अलर्ट मोड पर हैं, क्योंकि पिछले साल 22 आगजनी घटनाएं हुई थीं। प्रमुख बाजारों में दमकलें तैनात की गई हैं और सुरक्षा के उपाय बढ़ाए गए हैं।
3 min read
• •
Updated: 6 Nov 2026, 3:38 PM IST
फायर ब्रिगेड, प्रतिकात्मक फोटो (Photo Source- magnific)
फायर ब्रिगेड, प्रतिकात्मक फोटो (Photo Source- magnific)

Indore news: दीपावली पर्व को देखते हुए अग्नि हादसों को लेकर पुलिस और फायर ब्रिगेड अलर्ट मोड पर है। बीते साल दीपावली की रात से लेकर अगली सुबह तक शहर के औद्योगिक और रिहायशी क्षेत्रों में आग लगने की छोटी-बड़ी लगभग 22 घटनाएं हुई थीं। इन हादसों में भारी आर्थिक नुकसान हुआ, बल्कि लसूडिया क्षेत्र में अखंड दीपक की लौ से लगी आग के दुखद हादसे में एक कार शोरूम मालिक की जान चली गई थी। फायर ब्रिगेड के सूत्रों के मुताबिक पिछले साल दिवाली की रात से अगली सुबह के बीच कंट्रोल रूम को शहर के अलग-अलग हिस्सों से 18 से 22 फायर कॉल प्राप्त हुई थीं। इनमें सांवेर रोड स्थित कार्डबोर्ड फैक्टरी, विदुर नगर की ऑयल फैक्टरी और धार रोड स्थित टिंबर मार्केट में लगी आग सबसे भीषण थी।

घर के अंदर लग गई थी आग

इन तीन बड़ी आगजनी की घटनाओं पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग को 100 से अधिक पानी के टैंकरों और 1 लाख लीटर से ज्यादा पानी का उपयोग करना पड़ा था। वहीं लसूडिय़ा क्षेत्र में दिवाली के दिन एक दर्दनाक भीषण अग्नि हादसा भी सामने आया था। 23 अक्टूबर की सुबह करीब 5 बजे 'सौम्या कार्स' शोरूम की तीन मंजिला इमारत के शीर्ष पर बने पेंटहाउस में आग लग गई थी। पुलिस जांच के अनुसार घर के मंदिर में जल रही अखंड ज्योति की लौ या शॉर्ट सर्किट से उठी चिंगारी स्टोररूम और कमरों में फैल गई थी। बिजली गुल होने और तकनीकी खराबी के चलते इमारत का आधुनिक डिजिटल लॉक सिस्टम समय पर नहीं खुल सका, जिससे परिवार अंदर ही फंस गया था। इस हादसे में कार शोरूम के संचालक व वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रवेश अग्रवाल की दम घुटने से मौत हो गई थी, जबकि उनकी पत्नी श्वेता (रेखा) अग्रवाल गंभीर रूप से झुलस गई थीं और दोनों बेटियां सौम्या व मायरा धुएं के कारण अचेत हो गई थीं।

पटाखा बाजार, कपड़ा मार्केट में दमकलें तैनात

बीते साल के इन घटनाक्रमों के मद्देनजर पुलिस और फायर ब्रिगेड इस साल अलर्ट मोड पर है। प्रमुख व्यावसायिक व पटाखा बाजारों में दमकल वाहनों की तैनाती की गई हैं। वहीं दीपावली की रात के लिए भी राजबाड़ा, क्लॉथ मार्केट सहित प्रमुख स्थानों पर फायर ब्रिगेड की टीमों की तैनाती की जा रही है। संकरी गलियों के लिए अग्निशमन बाइक रहेंगी। रोबोट की मदद भी ली जाएगी। पुलिस ऑफिसर भी पटाखा बाजारों में पहुंचकर अग्नि सुरक्षा का जायजा ले रहे हैं और आग से सुरक्षा के लिए जागरूक भी कर रहे हैं।

कबाड़ व पैकेजिंग गोदाम जला

20 अक्टूबर 2025 को दिवाली की रात लगभग 11.30 बजे बाणगंगा क्षेत्र में सांवेर रोड इंडस्ट्रियल एरिया के सेक्टर-सी में एक गोदाम में भीषण आग लग गई। शेड के खुले हिस्से में रखे प्लास्टिक कबाड़ और कोरोगेटेड बॉक्सों पर आतिशबाजी की चिंगारी गिरने से यह हादसा हुआ। ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण लपटें तेजी से फैलीं और शेड को चपेट में ले लिया। हादसे में कच्चा व तैयार पैकेजिंग माल और मशीनरी जलकर नष्ट हो गई थी। सांवेर रोड और गांधी हॉल फायर स्टेशन से 6 फायर टेंडर मौके पर पहुंचे, जबकि पानी की आपूर्ति के लिए नगर निगम व निजी ऑपरेटरों के 8 से 10 टैंकर लगाए गए थे।

हुए थे तीन बड़े अग्निकांड

करोड़ों का नुकसान पिछले साल दिवाली की रात व्यावसायिक और रिहायशी क्षेत्रों में आतिशबाजी के बीच सांवेर रोड, देवास नाका और बाणगंगा क्षेत्र में औद्योगिक गोदाम में तीन बड़े अग्निकांड हुए थे। इनमें करोड़ों का माल जलकर खाक हो गया था। आज पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की कुल 12 गाडिय़ों और 17 निजी व निगम के पानी के टैंकरों का उपयोग किया गया था।

घनी बस्ती में मची थी अफरा-तफरी

20 अक्टूबर की रात बाणगंगा थाना क्षेत्र के कु्हार खाड़ी के समीप एक खुले प्लॉट में आग भड़क गई थी। घनी आबादी के बीच स्थित इस बाड़े में जमा प्लास्टिक, गत्ते और पुराने टायरों में पटाखों की चिंगारी गिरने से भारी धुआं उठने लगा, जिससे आसपास के मकानों पर खतरा मंडराने लगा और इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी। दमकल की गाडिय़ां और निजी पानी के टैंकर मौके पर पहुंचे और आग को फैलने से रोका गया था।

रॉकेट गिरने से लगी थी आग

गोवर्धन पूजा की रात (21 अक्टूबर 2025) लगभग 1.45 बजे लसूडिय़ा क्षेत्र में देवास नाका, ट्रांसपोर्ट नगर के पास शेड गोदाम में आग लग गई थी। ट्रांसपोर्ट हब के पास स्थित इस गोदाम में रखे माल और लकड़ी के पैलेट्स पर पटाखों का रॉकेट गिरने से भीषण आग लग गई थी। विभिन्न कंपनियों के पार्सल, एफएमसीजी कार्टन और शेड जलने लाखों का नुकसान हो गया था।

Updated on:
6 Nov 2026, 3:38 PM IST
Published on: