LPG Cylinder Shortage: जिला आपूर्ति नियंत्रक एमएल मारू ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से अफवाहों के कारण गैस बुकिंग अचानक बढ़ गई है।
LPG Cylinder Shortage: शहर में घरेलू गैस सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल की कमी की अफवाहों के बीच जिला प्रशासन ने साफ किया है कि इंदौर में ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता है। लोगों से अपील की गई है कि वे घबराकर अतिरिक्त बुकिंग न करें और सामान्य तरीके से ही सिलेंडर बुक करें। इस संबंध में कलेक्टर शिवम वर्मा ने समीक्षा बैठक की। इसमें भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड, हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन और अवंतिका गैस लिमिटेड के अधिकारी, गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
जिला आपूर्ति नियंत्रक एमएल मारू ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से अफवाहों के कारण गैस बुकिंग अचानक बढ़ गई है। सामान्य दिनों की तुलना में पिछले दो दिनों में करीब 10 गुना ज्यादा बुकिंग दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि शहर में 14 किलो के घरेलू गैस सिलेंडर की पर्याप्त उपलब्धता है और उपभोक्ताओं को बुकिंग के आधार पर सिलेंडर मिलते रहेंगे। आमतौर पर बुकिंग के तीन दिन में ओटीपी के जरिए होम डिलीवरी की जा रही है। हालांकि, ऑइल कंपनियों ने बुकिंग के बीच का अंतर 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दिया है।
कलेक्टर वर्मा ने गैस एजेंसियों को निर्देश दिए कि घरेलू उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर की होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाए और किसी भी तरह की कालाबाजारी न होने दी जाए। चेतावनी दी कि होटल या व्यवसायों को घरेलू गैस सिलेंडर देने की शिकायत मिली तो कार्रवाई होगी।
गैस वितरण व्यवस्था पर नजर रखने के लिए प्रशासन ने तीन जांच दल बनाए हैं। ये टीमें सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक शहर में गैस सप्लाई और डिलीवरी की निगरानी करेंगी।
जिन इलाकों में पीएनजी पाइपलाइन उपलब्ध है, वहां होटल और रेस्टोरेंट को जल्द से जल्द पीएनजी गैस कनेक्शन देने की प्रक्रिया तेज की जाएगी। अवंतिका गैस कंपनी ने भरोसा दिया है।
प्रशासन के अनुसार, फिलहाल शहर में घरेलू गैस की आपूर्ति सामान्य है। किसी उपभोक्ता को सिलेंडर नहीं मिलता है तो वह कंपनी के कस्टमर केयर नंबर पर शिकायत कर सकता है। भारत गैस- 1800-22-4344, इंडेन गैस- 1800-2333-555, एचपी गैस- 1800-2333-555