Fake flight ticket: इंदौर के अहिल्याबाई होल्कर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक महिला फर्जी टिकट के साथ गिरफ्तार की गई है। यह फर्जी टिकट हूबहू असली टिकट की तरह था।
Fake flight ticket: मध्य प्रदेश के इंदौर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां पुलिस ने अहिल्याबाई होल्कर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक शातिर महिला को गिरफ्तार किया है। यह महिला फर्जी टिकट के जरिए हवाई यात्रा करने की कोशिश कर रही थी। हालांकि, एयरपोर्ट अधिकारियों की सतर्कता के कारण ऐसा नहीं हो सका। इंदौर पुलिस महिला पर मामला दर्ज कर पूछताछ कर रही है। आइए जानते हैं पूरा मामला।
दरअसल, असम की एक महिला इंडिगो एयरलाइंस का फर्जी टिकट लेकर एयरपोर्ट पहुंची। जैसे ही महिला चेक-इन काउंटर पर पहुंची, एयरपोर्ट अथॉरिटी ने उसे देख लिया। एयरपोर्ट अथॉरिटी को महिला पर शक हुआ क्योंकि वह डरी-सेहमी हुई थी। जब अधिकारियों ने महिला को पूछताछ के लिए बुलाया तो वह घबरा गई। जब एयरपोर्ट अधिकारियों ने टिकट काउंटर इंचार्ज राहुल पाटिल से उसकी टिकट चेक कराई तो पता चला कि टिकट नकली है। राहुल ने बताया कि पीएनआर नंबर चेक करने पर पता चला कि टिकट फर्जी है। हालांकि, पुलिस हैरान थी कि महिला को बिल्कुल असली जैसा दिखने वाली टिकट कैसे मिली?
महिला का सच सामने आने के बाद तुरंत इंदौर पुलिस को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस एयरपोर्ट पहुंची और महिला को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, आरोपी महिला कहती रही कि वह निर्दोष है और यह टिकट उसे किसी एजेंट ने दी है। बहरहाल, आरोपी महिला से पूछताछ की जा रही कि यह टिकट कहां से मिली। पुलिस ने महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।