रेलवे बोर्ड चेयरपर्सन बोलीं, गढ़ा-ग्वारीघाट स्टेशन को पश्चिम मध्य रेलवे में शामिल करेंगे, देश के हर कोने से अयोध्या की कनेक्टिविटी होगी। उन्होंने कहा कि पश्चिम मध्य रेलवे जोन में भी स्लीपर वाली सेमी हाई स्पीड वंदे भारत ट्रेन दौड़ेगी...
रेलवे बोर्ड चैयरपर्सन जया वर्मा सिन्हा ने कहा कि अयोध्या में श्रीरामलला के दर्शन के लिए रेलवे व्यापक स्तर पर स्पेशल ट्रेनें चलाने की तैयारी कर रहा है। देश के हर कोने से अयोध्या की कनेक्टिविटी होगी। उन्होंने कहा कि पश्चिम मध्य रेलवे जोन में भी स्लीपर वाली सेमी हाई स्पीड वंदे भारत ट्रेन दौड़ेगी। सिन्हा मंगलवार को जबलपुर जोन के दौरे पर पत्रकारों से चर्चा कर रही थीं। उन्होंने स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि गढ़ा और ग्वारीघाट रेलवे स्टेशन को बिलासपुर जोन से अलग कर जबलपुर जोन में शामिल करने के लिए डीआरएम ने प्रस्ताव दिया है। इस पर पहल की जाएगी।
ट्रेनों का किराया नहीं बढ़ेगा
बजट में रेल किराए के सवाल पर चेयरपर्सन जया वर्मा सिन्हा ने कहा कि ट्रेनों का किराया नहीं बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि रेल में बजट की कोई कमी नहीं है। पूर्व में भी 2.4 लाख करोड़ का बजट मिला हैै। रेलवे में सीनियर सिटीजन को मिलने वाली छूट को दोबारा शुरू करने की बात को उन्होंने यह कहते हुए टाल दिया कि हम पहले से ही रियायत पर यात्रा करा रहे हैं।
बोर्ड चेयरमैन जबलपुर स्टेशन पर करीब दो घंटे तक रहीं। इस दौरान रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म से लेकर लॉबी, सिग्नल आदि व्यवस्था को जांचा। सुरक्षा-संरक्षा एवं चल रहे कार्यों पर चर्चा की। निरीक्षण के दौरान पमरे महाप्रबंधक शोभना बंदोपाध्याय भी उपिस्थत थी।