जबलपुर में भी नए बदलाव-तकनीक की जानकारी से अपडेट करने और शिक्षण गुणवत्ता बढ़ाने की तैयारी
जबलपुर। विषय पर पकड़ बनाने, नई तकनीक की जानकारी से अपडेट कराने के साथ शिक्षण गुणवत्ता में सुधार के लिए जिले के 4000 लेक्चरर्स को ट्रेंड करने की कवायद में शिक्षा विभाग जुटा है। कोरोना संकट के चलते फिजिकल ट्रेनिंग न देकर इसे अब वर्चुअल प्लेटफॉर्म पर लाया गया है। जिले में 9वीं से 12वीं तक पढ़ाने वाले विषय शिक्षकों को इस ऑनलाइन सेवा कालीन प्रशिक्षण में शामिल किया गया है। चार हजार शिक्षकों को ट्रेंड करने के लिए 31 रिसोर्स पर्सन, मास्टर ट्रेनरों को तैयार किया गया है। ये अपने विषयों में विशेषज्ञ हैं तो वहीं कई प्राचार्य भी शामिल हैं। पांच दिन तक यह ट्रेनिंग चलेगी। सितम्बर में इसे दोबारा शुरू किया जाएगा, जो कि विषयवार कुछ घंटों के अनुसार आधारित होगी। विभाग को उम्मीद है कि इससे पढ़ाई की गुणवत्ता में सुधार आएगा। साथ में टीचर्स भी अपनी जिम्मेदारी अच्छे से निभा पाएंगे।
कटेगा वेतन
शिक्षा विभाग ने 9वीं से 12वीं के गणित, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, अर्थशास्त्र, राजनीति विज्ञान, इतिहास, भूगोल विषयों के शिक्षकों को ट्रेनिंग में शामिल किया है। हर शिक्षक को उनके मोबाइल पर लिंक उपलब्ध कराया जा रहा है। जो शामिल नहीं होगा उसका वेतन भी काटा जाएगा। स्कूल शिक्षा विभाग के नोडल अधिकारी सुनील गुप्ता ने कहा कि अपने विषय में कैसे अधिक पकड़ मजबूत की जाए, छात्रों को पढ़ाने के साथ ही वर्तमान समय में हुए बदलाव आदि को लेकर विषयवार शिक्षकों की ट्रेनिंग शुरू की गई है। चार हजार शिक्षकों को हम ट्रेंड करने जा रहे हैं।