जबलपुर

मप्र के इस शहर में धड़ल्ले से बेचा जा रहा ब्रांडेड कंपनियों का डुप्लीकेट सामान

मप्र के इस शहर में धड़ल्ले से बेचा जा रहा ब्रांडेड कंपनियों का डुप्लीकेट सामान  
2 min read
Aug 11, 2020
beauty.png
Branded Companies Duplicate products sale in jabalpur

जबलपुर। माढ़ोताल पुलिस की रिमांड पर लिए गए प्रकाश चांदवानी को सोमवार को कोर्ट में पेश किया गया। वहां से उसे जेल भेज दिया गया। दो दिन की रिमांड में प्रकाश चांदवानी ने बताया कि वह विक्की चांदवानी के साथ नामी कम्पनियों के रैपर आदि स्थानीय स्तर पर तैयार कर उसमें नकली प्रोडक्ट पैक कर बेचता था। इसमें चाय पत्ती, मसाले, सर्फ, क्लीनर, मच्छर भगाने वाला लिक्विड विशेष तौर पर शामिल है। सूत्रों के मुताबिक प्रकाश ने नेपाल और दिल्ली से एक्सपायरी सामग्री खरीदने के धंधे का खुलासा किया। स्थानीय स्तर पर कई नामी कम्पनियों के प्रोडक्ट अवैध तरीके से तैयार करना भी कबूला।

नामी कम्पनियों के रैपर में पैक करते थे नकली माल
एक्सपायरी घरेलू सामग्री का डेट-रेट बदलने वाले आरोपियों का एक और कबूलनामा
गोहलपुर में चार गोदामों में बड़ी मात्रा में खाली क्लीनर वाले डिब्बे, रैपर, पैकिंग वाले स्टीकर जब्त हुए थे। आरोपी जिले में ऐसी कम्पनियों के मसाले भी बेच रहे थे, जिसका आटा प्रसिद्ध है, लेकिन वह एमपी में मसाला नहीं बेचती। पुलिस को अब विक्की चांदवानी की तलाश है।

दुकानदार तलब
गोहलपुर पुलिस ने गलगला, लार्डगंज व मुकादमगंज के कई थोक दुकानदारों को तलब किया। एक महिला सौंदर्य प्रसाधन की मालिकिन को भी तलब किया। एक नामी बिल्डर के साथ पहुंची इस महिला ने प्रकाश को पहचानने से इनकार किया। बताते हैं कि 27 जुलाई को माढ़ोताल पुलिस द्वारा अनिल खत्री के गोदाम में की गई छापेमारी के बाद दुकानदारों ने रातों रात अपनी दुकानों से नकली प्रोडक्ट हटा दिए।

ये है मामला
27 जुलाई को माढ़ोताल पुलिस ने ग्रीन सिटी कसौधन नगर में अनिल खत्री के किराए वाले गोदाम पर दबिश देकर एक्सपायरी घरेलू सामग्री के डेट-रेट धंधे का खुलासा किया था। चंडालभाटा स्थित जीतेंद्र बाधवानी के गोदाम पर दबिश देकर उसे भी दबोचा था। दो दिन बाद गोहलपुर पुलिस ने अम्बेडकर नगर में प्रकाश चांदवानी व विक्की चांदवानी के चार गोदामों में दबिश देकर लाखों की सामग्री जब्त की। दोनों थाने की पुलिस अब तक प्रकाश, अनिल, जीतेंद्र सहित सात लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। चार फरार हैं।

Updated on:
11 Aug 2020 03:14 pm
Published on:
11 Aug 2020 03:14 pm