खुश खबर : एक्सीलेंस कॉलेज में जुलाई से शुरू होगी बस सेवा, होगा 30 रुपए मासिक किराया
जबलपुर. सम्भाग के एकमात्र प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस के विद्यार्थियों के लिए खुशखबर। यहां दूर-दराज से आने वाले छात्र-छात्राओं के लिए एक जुलाई से दो बसें चलाई जाएंगी। विद्यार्थी 30 रुपए मासिक किराया देकर बस सुविधा का लाभ ले सकेंगे। इस सम्बंध में उच्च शिक्षा विभाग ने प्राचार्या को निर्देश जारी कर दिए हैं।
अधिकतर छात्राएं दूरदराज से
प्रदेशभर में संचालित 55 सरकारी कॉलेजों को प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में अपग्रेड किया गया है। इनमें सम्भाग का एकमात्र शासकीय महाकोशल ऑर्ट्स एंड कॉमर्स कॉलेज शामिल हैं। यहां 5 हजार छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। इसमे करीब 35 फीसदी से अधिक छात्र-छात्राएं दूरदराज के क्षेत्रों से आते हैं। इसमें सबसे ज्यादा संख्या छात्राओं की है। अधिकांश छात्राएं शासन से मिलने वाली स्कॉलरशिप पर निर्भर हैं। पहले ऐसे विद्यार्थियों को चिन्हित किया जाएगा जिनके पास कॉलेज आने-जाने का साधन नहीं है या दूर दराज से आते हैँ।
जन भागीदारी मद से संचालन
बस का संचालन जन भागीदारी मद से होगा। कॉलेज प्रबंधन अपनी सुविधा के अनुसार 1 से 2 बसों का संचालन कर सकेंगे। इसके लिए कमेटी का गठन कर दिया गया है। कॉलेज प्रबंधन प्रशासन के साथ परिचालन से जुड़ी आवश्यकताओं की औपचारिकता कराने का प्रयास कर रहा है।
कॉलेज में अभी तक इस तरह की व्यवस्था नही हैं। बस सेवा शुरू करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। एक जुलाई से बस सेवा शुरू करने का प्रयास है। इससे न केवल छात्रों को समय की बचत होगी, बल्कि उनकी सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सकेगी।
डॉ. एसी तिवारी, प्राचार्य, शा. महाकोशल पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस