जबलपुर शहर के प्रमुख क्षेत्रों में 180 से 200 करोड़ रुपए के कारोबार का अनुमान
जबलपुर। नवरात्र के पर्व ने जबलपुर के बाजार में उत्साह भर दिया है। लगभग सभी प्रमुख क्षेत्रों में अच्छा कारोबार हुआ। ग्राहकों ने भी इस दौरान जमकर खरीदी की। अनुमान के अनुसार शहर में इन नौ दिनों में मुख्य और आनॅलाइन को मिलाकर सभी प्रमुख क्षेत्रों में 180 से 200 करोड़ रुपए के बीच कारोबार हुआ है। अर्थव्यवस्था के जानकार इसे मिनी धनतेरस का नाम भी दे रहे हैं। अब व्यापारियों ने पुष्यनक्षत्र व धनतेरस की तैयारियां शुरू कर दी हैं। बाजार में कोरोना के समय से स्थितियां बिगड़ी हुई थी। लोग भी लम्बे समय से घरों में थे। लेकिन अभी कोरोना के संक्रमण के फैलाव में कमी आई है। इससे लोगों का थोड़ा डर भी खत्म हुआ है। इसलिए बाजार में उछाल का वातावरण बना। शहर में नवरात्र पर हमेशा से कारोबार तेज हुआ है। लोग सतर्कता के साथ जरूरतों की चीजों को खरीदने के लिए पहुंचे। ऑनलाइन कारोबार में भी खूब चला। इस बीच कर्मचारियों को बोनस भी मिला। वह पैसा भी बाजार में आया। इससे मार्केट की स्थिति सुधर गई है।
नौ दिन चलने वाले त्यौहार पर ज्यादातर वे चीजें बिकी जिनकी वर्तमान में ज्यादा जरूरतें हैं। सराफा बाजार की बात करें तो ज्वेलरी में 70 से 75 फीसदी का उछाल रहा। आगामी वैवाहिक सीजन के लिए भी लोगों ने ज्वेलरी खरीदी। इलेक्ट्रॉनिक आइटम की बात करें तो एंड्राइड टीवी खासकर बड़े आकार की ज्यादा मांग रही। वाशिंग मशीन, वेक्यूम क्लीनर से लेकर ज्यादा क्षमता वाले फ्रीजर की मांग ज्यादा रही। कपड़ों में अभी साडिय़ां ज्यादा बिक रही हैं। इसी प्रकार रेडीमेड वस्त्रों की मांग भी बढ़ गई है। ऑटोमोबाइल क्षेत्र में अच्छा कारोबार हुआ है। सभी कंपनियों की 12 सौ मोटरसाइकल एवं 3 से 4 सौ कारों की बिक्री का अनुमान है। कंम्प्यूटर मार्केट में लैपटॉप की डिमांड लॉकडाउन के समय से बनी हुई है। मोबाइल भी खूब बिके हैं। इसकी एक वजह ऑनलाइन पढ़ाई और वर्कफ्रॉम होम भी है। रियल इस्टेट भी ऑटोमोबाइल की तरह उछाल पर है। लॉकडाउन के समय से ही कारोबार में गिरावट नहीं आई है। इस दौरान मकानों की अच्छी सेल भी हुई। खासकर बैठकी, पंचमी, अष्टमी एवं नवमी के दिन। यही हाल ऑनलाइन कारोबार का था। सभी बड़ी ई-कॉमर्स कंपनियों ने बड़े ऑफर ग्राहकों को दिए। इससे यह कारोबार भी खूब चला।