सावन की विदाई से पहले मेहरबान हुए बादल, रात में झमाझम बारिश से राहत- देखें वीडियो
जबलपुर। सावन की शुरुआत में दो दिन बरसे बादल इस माह की विदाई के पहले एक बार फिर मेहरबान हुए। लम्बे अंतराल के बाद बादल गरजने के साथ ही जमकर बरसे। रात आठ बजे के करीब अचानक तेज बारिश शुरू हुई। सुबह से तेज गर्मी से बेहाल शहर को रात की झमाझम बारिश ने तर कर दिया। उमस-गर्मी से बेचैन लोगों को राहत मिली। दोपहर में चल रही गर्म हवा की तासीर भी बारिश के बाद कुछ शीतल हुई। स्थानीय बादलों की सक्रियता से बदले मौसम के साथ खंड वर्षा हुई। शहर के बीच के क्षेत्रों में तेज बारिश से कुछ ही देर में कुछ सडक़ों पर पानी भर गया। वहीं, शहर के बाहरी कुछ हिस्सों में कुछ देर बूंदाबांदी हुई। इससे लोगों को राहत मिली। मौसम विभाग ने रात में 35.4 मिमी बारिश रेकॉर्ड की है।
शहर में शनिवार को दिन में तेज गर्मी से परेशान हुए लोग, शाम को बदला मौसम
दोपहर में चुभी धूप
शनिवार को सूर्योदय के साथ ही पारा चढ़ा। दोपहर तक धूप चुभती रही। सूरज ने पूरे दिन तेवर दिखाए। उस पर हवा की मंद गति मौसम पर और भारी पड़ी। उमस-गर्मी से बेचैन लोगों को हवा का भी साथ नहीं मिल रहा है। इससे दिन के समय कूलर, एसी के बिना लोगों के लिए रहना मुश्किल हो गया। दोपहर में हवा गर्म महसूस हुई। धीरे-धीरे लगातार चढ़ रहे पारे और चिपचिपी गर्मी से लोग बेहाल रहे। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार स्थानीय बादलों के प्रभाव से बारिश हुई। रविवार को बौछार पडऩे की सम्भावना है।
सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा तापमान
अधारताल स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस था। इसमें शनिवार को मामूली वृद्धि हुई। अधिकतम तापमान बढकऱ शनिवार को 34.8 डिग्री सी हो गया। यह सामान्य से पांच डिग्री तक ज्यादा बना रहा। न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सी की वृद्धि हुई। यह सामान्य से तीन डिग्री तक ज्यादा बना रहा। आद्र्रता सुबह के समय 86 प्रतिशत और शाम को 52 प्रतिशत था। हवा दो किमी प्रतिघंटा की गति से चली।