
जबलपुर। दो दिन तक उमस और बादलों के बीच आखिरकार गुरुवार शाम को बादल मेहरबान हो गए। पूरी रात रिमझिम फुहारों के बीच मौसम खुशनुमा हो गया। ये सिलसिला शुक्रवार को सुबह हो रही बारिश से बना हुआ है। वहीं आसमान में मंडरा रहे हल्के काले बादलों ने गुरुवार को उमस बढ़ाई। दो दिन से बारिश नहीं होने से हवा में नमी कम हो गई। इससे मौसम का मिजाज बदला। कुछ देर के लिए आसमान साफ होने से हल्की गर्मी महसूस हुई। तापमान करीब तीन डिग्री तक बढ़ गया।
गुरुवार को दोपहर में शहर के कुछ हिस्सों में बेहद मामूली बूंदाबांदी दर्ज की गई। इसके बाद उमस बढऩे लगी। सीजन में इस बार कम बारिश के कारण बूंदाबांदी थमते ही पारा सामान्य के ऊपर निकल रहा है। अधारताल स्थित मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री था। इसमें गुरुवार को वृद्धि दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड हुआ। यह बुधवार के मुकाबले करीब तीन डिग्री ज्यादा होने के साथ ही सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा बना रहा। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
यह सामान्य से एक डिग्री ज्यादा बना रहा। आद्र्रता सुबह के समय 97 प्रतिशत और शाम को 76 प्रतिशत थीं। उत्तरी हवा चार किमी प्रतिघंटा की गति से चली। 0.4 मिमी बारिश रेकॉर्ड हुई। इसके मिलाकर सीजन में अभी तक 698.9 मिमी वर्षा हो चुकी है। मौसम विज्ञान केन्द्र में वैज्ञानिक सहायक देवेन्द्र कुमार तिवारी के अनुसार मानसून ट्रफ लाइन बीकानेर, अजमेर, गुना, जबलपुर, पेंड्रा रोड होते हुए बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। उड़ीसा और उससे लगे झारखंड व छत्तीसगढ़ के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। ये चक्रवात छत्तीसगढ़ और मप्र की ओर बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से शुक्रवार से रविवार के बीच शहर और सम्भाग में अच्छी बारिश का अनुमान है। शुक्रवार को सम्भाग में अनेक स्थानों पर वर्षा या गरज-चमक के साथ बौछार पडऩे की सम्भावना है।