जबलपुर

कार के बोनट में छिपाया था गांजा, दो जिलों की तीन थानों की पुलिस ने पकड़ा

-एक्सीडेंट के बाद रुकी कार, महिला सहित तीन तस्कर दबोचे गए
less than 1 minute read
Hemp trafficker Tooltip on top
Hemp trafficker

जबलपुर. दो जिलों की तीन थानों की पुलिस ने शुक्रवार रात कार सवार गांजा तस्कर को दबोचा। कार सवार गांजा तस्कर पुलिस से बचने के लिए भाग रहे थे। इस दौरान उनकी कार का एक्सीडेंट हो गया। तब जाकर पुलिस उन्हें पकड़ पाई। कार सवार एक महिला सहित दो पुरुष तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपियों ने कार के बोनट में साढ़े सात किलो गांजा छिपा रखा था।
एसडीओपी सिहोरा भावना मरावी ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि लाल कार में कुछ लोग गंजताल से बहोरीबंद गांजा लेकर जाने वाले हैं।
सिहोरा टीआई गिरीश धुर्वे, खितौला टीआई गोपाल सिंह जगेत, कटनी जिले की बहोरीबंद थाना प्रभारी रेखा प्रजापति के साथ भखरी गांव के पास दबिश दी गई। उसी दौरान कार एमपी 18 सी 1391 निकली। कार में महिला व दो पुरुष बैठे थे। पुलिस के रोकने पर चालक ने रफ्तार बढ़ा दी। पुलिस ने पीछा किया, तो आगे जाकर कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। कार में खुरई सागर निवासी हनुमंत सिंह, जलहरी जबेरा निवासी जितेंद्र सिंह और देवनगर मझौली निवासी महिला सवार मिली।
आरोपियों ने पुलिस से बचने के लिए कार के बोनट में गांजा छिपा कर रखा था। छह पैक में रखे गए गांजा को बोनट में टेप से चिपका दिया था। पुलिस ने साढ़े सात किलो गांजा सहित कार भी जब्त की। तीनों को उड़ीसा के तस्करों से गांजा मिला। वहां के तस्करों ने बिलासपुर व डिंडोरी के बीच में गांजा दिया था।
10 ग्राम गांजा जब्त
बेलबाग पुलिस ने गलगला में दबिश देकर भरपतीपुर निवासी छोटू उर्फ अमन सोनकर को गांजा पीते हुए दबोचा। उसके पास से 10 ग्राम गांजा जब्त किया।

Published on:
12 Jul 2020 01:12 am