जबलपुर

मौसम: पहाड़ी राज्यों से आयी तेज हवा ने बढ़ाई सर्दी, प्रदेश भर में छाया कोहरा

मौसम: पहाड़ी राज्यों से आयी तेज हवा ने बढ़ाई सर्दी, प्रदेश भर में छाया कोहरा

less than 1 minute read
Jan 28, 2021
Weather: कोहरे की चादर ओढ़ निकले सूर्यदेव

जबलपुर। कंपकंपी छुड़ाने वाली सर्द हवा से बुधवार को भी शहर ठिठुरा। पहाड़ी राज्यों से आ रही सर्द हवा से पारा ने गोता लगाना जारी रखा। न्यूनतम तापमान में लगभग एक डिग्री की गिरावट आयी। पारा सामान्य से नीचे बना रहा। शीतलहर चलने से पूरे दिन लोगों को ठंड के साथ गलन का अहसास हुआ। भोर के समय घना कोहरा छाया। अंधेरा और सर्दी ज्यादा होने से सुबह सडक़ों पर सैर करने वाले नहीं निकले। दोपहर में धूप निकलने पर भी सर्द हवा की चुभन बनी रही। करीब छह से आठ किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से ठंडी हवा से सिहरन बनी रही। शाम होते ही सर्द हवा सितम ढाने लगी। कड़ाके की ठंड के बीच रात को सडक़ों पर सन्नाटा जल्दी छा गया। सर्दी से बचने के लिए कई जगह अलाव जले। कामकाज निपटाकर लोग जल्दी रजाई में दुबक गए।

सामान्य से पांच डिग्री नीचे तापमान
अधारताल स्थित मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान 20.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9.7 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। आद्र्रता सुबह के समय 90 और शाम को 47 प्रतिशत थी।

तीन दिन रहेगा असर
मौसम विज्ञान केन्द्र में वैज्ञानिक सहायक देवेन्द्र कुमार तिवारी के अनुसार मौसम साफ है। बुधवार को उत्तरी हवा औसतन तीन से चार किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से चली। उत्तरी हवा मौसम में ठंड बढ़ा रही है। इस कारण शीतल दिन बने हुए है। आने वाले दो से तीन दिन मौसम शुष्क बना रहने का अनुमान है। इस दौरान तापमान सामान्य से नीचे बना रह सकता है। 30 जनवरी तक ठंड का असर अभी बना रहने की सम्भावना है।

Published on:
28 Jan 2021 01:31 pm
Also Read
View All