डीआईजी भगवत सिंह चौहान ने कोतवाली, गोरखपुर समेत पांच थानों का किया निरीक्षण
जबलपुर। पुलिस के सभी वाहनों में बलवा ड्रिल हो। जहां-जहां फिक्स प्वाइंट लगाए जाएं, वहां पुलिस मौजूद रहे। छोटी से छोटी सूचना पर थाना प्रभारी स्वयं मौके पर पहुंचें। यदि कहीं कोई घटना हुई और उसमंे पुलिस की चूक नजर आई, तो सीधे थाना प्रभारी पर कार्रवाई की जाएगी। यह बात मंगलवार को डीआईजी भगवत सिंह चौहान ने पांच थानों के प्रभारियों से कही। होली के पूर्व वे कोतवाली, ओमती, गोरखपुर, गोराबाजार और ग्वारीघाट थाने के निरीक्षण पर निकले थे। इस दौरान एसपी एसके शुक्ला भी मौजूद थे।
दुरुस्त मिला रिकॉर्ड
डीआईजी सिंह ने कोतवाली थाने का निरीक्षण किया। वे मालखाने में पहुंचे। वहां पूरा रिकॉर्ड दुरुस्त था। थाने के हथियार भी साफ-सुथरे थे और जमे हुए थे। इस पर डीआईजी ने कोतवाली थाने के मालखाना मुंशी को तीन सौ रुपए का इनाम दिया। वहीं थाना प्रभारी आरके मालवीय को भी इनाम दिया। इधर गोरखपुर थाने की सफाई ने थाना प्रभारी इंद्रमणि पटेल को इनाम दिलाया।
संवेदनशील, इसलिए बड़ी जिम्मेदारी
कोतवाली और ओमती थानों के प्रभारियों को डीआईजी ने कहा उनके थाने संवेदनशील हैं, इसलिए वे प्रत्येक सूचना और घटना के लिए सतर्क रहें। डीआईजी ने संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के लिए कहा।
न बिकने पाए अवैध रूप से शराब
डीआईजी ने थाना प्रभारियों को एेसे लोगों को चिन्हित कर कार्रवाई के निर्देश दिए, जो अवैध रूप से शराब की बिक्री करते हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में अवैध शराब की ब्रिकी न होने पाए। उन्होंने अधिक से अधिक बदमाशों और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
58 निगरानीशुदा, और 140 गुंडे
डीआईजी ने बताया, शहर में 58 बदमाशों को निगरानीशुदा बदमाशों की सूची में शामिल कर लिया गया है। 140 आदतन अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली जा रही है।
नए कलेवर में चीता
थानों द्वारा इलाकों में पेट्रोलिंग के लिए चलाई जाने वाली चीता बाइक नए कलेवर में आई है। मंगलवार को एसपी ने बाइक के नए लुक को देखा। इस दौरान एसपी ने बाइक पर बैठकर भी उसे चैक किया।