जबलपुर

दरकने के कगार पर कछपुरा ओवरब्रिज, लापरवाही पड़ सकती है भारी

ब्रिज में पड़ गई हैं दरारें, फुटपाथ उखडऩे लगा, ढह रहे ब्लॉक्स

2 min read
Sep 17, 2020
kachpura bridge

जबलपुर। कछपुरा क्रॉसिंग पर यातायात के दबाव को देखते हुए बनाए गए कछपुरा ओवरब्रिज की निगरानी और रखरखाव की कमी से यहां ब्रिज दरकने लगा है। ब्रिज के टॉप पर जगह-जगह दरारें पड़ गई हैं। ब्रिज के दोनों ओर बनाया गया फुटपाथ उखडऩे लगा है। किनारे कट गए हैं। फुटपाथ पर लगाए गए ब्लॉक्स जमीन छोड़ रहे हैं। ब्रिज पर फुटपाथ के क्षतिग्रस्त होने से उस जगह की सडक़ भी जर्जर हो रही है।

करीब दो दशक पूर्व बनाए गए कछपुरा ओवरब्रिज में रखरखाव की कमी की जा रही है। इससे हालत यह हो गई है कि इस ब्रिज पर पैदल चलने वाले लोग फिसल रहे हैं। ब्रिज के उपर से बनाई गई सीढिय़ां भी जर्जर हो गई है, जिससे इसका इस्तेमाल करीब बंद सा हो गया है। कुछ जगहों पर ब्रिज की आउटर वॉल भी क्षतिग्रस्त हो गई है। नई सडक़ बनने के बाद उसमें बीच का हिस्सा उखडऩे लगा है, जिसमें बारिश का पानी भी भर जाता है।

डेढ़ वर्ष पहले बनी सडक़-फुटपाथ
करीब डेढ़ वर्ष पहले कछपुरा ओवरब्रिज पर सडक़ और फुटपाथ बनाया गया है। सडक़ का डामरीकरण किया गया था। फुटपाथ पर पेवर ब्लॉक्स लगाकर उससे समतल किया गया था। सडक़ तैयार करने के साथ ही वहां सेंटर लाइन के अलावा किनारों पर आउटर लाइन बनाई थी।


ये है हकीकत
यादव कॉलोनी की ओर से
कछपुरा ओवरब्रिज के शुरू होते ही सडक़ जर्जर हो गई है। ब्रिज के उपर घुमावदार रास्ते के बीच की सडक़ की परतें उधडऩे लगी है। इस जगह से ही फुटपाथ के किनारे क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। किनारे लगे ब्लॉक्स टूट गए हैं। ब्रिज के उपर तक पहुंचने के पहले सडक़ के बीच के हिस्से की परते उखड़ रही हैं। ब्रिज फुटपाथ सहित सडक़ की हालत खराब है। फुटपाथ में ब्लॉक्स टूट गए हैं। ब्रिज टॉप के किनारों में दरारें हैं, जहां से पानी का रिसाव हो रहा है। दोनों ओर के फुटपाथ और उससे लगी सडक़ खराब हो गई है। संजीवनीनगर की ओर भी ब्रिज की सडक़ के बीच डामर की परत उखडऩे की कगार पर हैं। यहां फुटपाथ जर्जर हो गया है।

ब्रिज का रखरखाव नगर निगम का पीडब्ल्यूडी विभाग करता है। हम ब्रिज की जानकारी देते रहते हैं। बारिश के बाद ब्रिज का रखरखाव किया जाता है।
- जीएस बघेल, प्रभारी, कछपुरा जोन, नगर निगम

Published on:
17 Sept 2020 11:54 am
Also Read
View All