दिनभर बादलों का डेरा, शहर ने धुंध की ओढ़ी चादर
जबलपुर। आसमान में हल्के काले बादल लगातार चौथे दिन मंगलवार को भी बने हैं। बादलों की आवाजाही से पारा भी हल्का चढ़ा है्र, आज सुबह से ही नहीं खिली। शहर में कहीं-कहीं हल्की वर्षा हुई। सर्द हवाएं चल रही हैं। पहाड़ों से आ रही सर्द हवा में अरब सागर की ओर से आ रही नमी भरी हवा भी मिली। मौसम में पश्चिम की ओर से आ रही हवा के घुलने से सर्द हवा ने असर कम किया। इससे दिन में ज्यादा ठंड महसूस नहीं हुई। वहीं सोमवार को शाम होते ही मौसम ने कुछ करवट ली। हवा की गति अचानक बढ़ गई। तेज गति से आई ठंडी हवा से सिहरन हुई। उसके साथ ही शहर धुंध की चादर से ढंकने लगा। शहर के बाहरी क्षेत्रों में दोपहर बाद ही धुंध छा गई।
सोमवार को नहीं खिली धूप, कहीं-कहीं बूंदाबांदी और बारिश
अधारताल स्थित मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस था। इसमें सोमवार को मामूली उछाल आया। अधिकतम तापमान बढकऱ 24.1 डिग्री हो गया। यह सामान्य से दो डिग्री नीचे बना रहा। न्यूनतम तापमान 18 डिग्री रेकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से 7 डिग्री सेल्सियस ज्यादा बना रहा। आद्र्रता सुबह के समय 90 प्रतिशत और शाम को 79 प्रतिशत थी। उत्तर-पश्चिम हवा एक किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से चली।
मौसम विज्ञान केन्द्र में वैज्ञानिक सहायक देवेन्द्र कुमार तिवारी के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव बना हुआ है। इससे संबद्ध एक चक्रवात दक्षिणी राजस्थान के ऊपर है। मध्य अरब सागर और दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी एवं दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में भी कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इससे शहर का मौसम प्रभावित हो रहा है। मंगलवार को सम्भाग में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा की सम्भावना है। बुधवार से मौसम में परिवर्तन आ सकता है। काले बादल छंटने पर तापमान में गिरावट आएगी।