जबलपुर

जबलपुर में भारी बारिश की संभावना, फिलहाल बादलों की खेप के बाद सिर्फ बूंदाबांदी

जबलपुर में भारी बारिश की संभावना, फिलहाल बादलों की खेप के बाद सिर्फ बूंदाबांदी  
2 min read
Aug 11, 2020
Feature image

जबलपुर। रविवार को झूमकर बरसने वाले बादल सोमवार को भी आसमान में नजर आए। उम्मीद भी कि सोमवार को भी झमाझम बारिश होगी। भादों में मेहरबान बादल सावन की भरपाई जारी रखेंगे। काले मेघा की चहलकदमी से उम्मीद भी बंधी रही। बारिश वाले बादलों की खेप पूरे दिन शहर के ऊपर बनी रही। लेकिन, सुबह नौ से 11 के बीच में कहीं-कहीं बूंदाबांदी ही हुई। वह भी इतनी कम कि वर्षा रेकॉर्ड तक नहीं हुई। सीजन में एक दिन में सबसे ज्यादा बारिश के बाद झमझाम बारिश की और किश्त मिलने की राह ताक रहे शहर को मायूसी हुई। लेकिन, राहत भरी खबर है कि बारिश का सिस्टम अभी कमजोर नहीं पड़ा है। मौसम विभाग ने जिले में मंगलवार और बुधवार को अच्छी बारिश की सम्भावना जताई है।

बारिश के सिस्टम से एक दो दिन में अच्छी बारिश की उम्मीद

चार डिग्री चढ़ा पारा
सीजन में कम बारिश होने के चलते बारिश थमते ही सोमवार को पारा चढ़ गया। मौसम में घुली ठंडक दोपहर तक कम पडऩे लगी। शाम को हल्की उमस महसूस हुई। अधारताल स्थित मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 27.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस था। सोमवार को अधिकतम तापमान में करीब चार डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई। यह बढकऱ 31.2 डिग्री सेल्सियस हो गया। सामान्य से दो डिग्री ज्यादा बना रहा। न्यूनतम तापमान 25.1 डिग्री सी दर्ज हुआ। यह भी सामान्य से एक डिग्री ज्यादा बना रहा। दक्षिण-पश्चिमी हवा दो किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से चली। मौसम विज्ञान केंद्र में वैज्ञानिक सहायक देवेंद्र कुमार तिवारी के अनुसार सोमवार को शहर में बूंदबांदी ट्रेस हुई है। उत्तर पूर्वी मध्यप्रदेश के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके प्रभाव से अभी तीन-चार दिन तक वर्षा होने की सम्भावना है। मौसम विभाग की ओर से मंगलवार और बुधवार को अच्छी बारिश का अनुमान जताया गया है।


आधा मीटर बढ़ा बरगी डैम का जल स्तर
जबलपुर. कैचमेंट इलाके में लगातार हो रही बारिश के कारण बरगी डैम का जल स्तर तेजी से बढ़ रहा है। जबलपुर समेत मंडल, डिंडोरी, सिवनी में कैचमेंट क्षेत्र में बारिश के कारण चौबीस घंटे में जलस्तर आधा मीटर से ज्यादा बढ़ा है। जलस्तर अधिकतम सीमा के मुकाबले अभी काफी कम है। लगातार हो रही बारिश के मद्देनजर डैम कं ट्रोल रूम की टीम लगातार जल स्तर पर नजर रखे हुए है।

यह है स्थिति
- 416.25 मीटर मौजूदा जल स्तर
- 415.65 मीटर कल था
- 39270 क्यूसेक पानी की आवक
- 8228 क्यूसेक पानी की निकासी
- 422.76 मीटर अधिकतम स्तर

Published on:
11 Aug 2020 12:09 pm