बार-बार करवट ले रहा मौसम, सुबह-दोपहर धूप, शाम को बूंदाबांदी
जबलपुर। शहर में मौसम बार-बार बदल रहा है। बुधवार की रात से लेकर गुरुवार की शाम तक मौसम ने कई करवट ली। गुरुवार को सुबह खिली धूप चुभने वाली रही। उमस और तीखी धूप के साथ चिपचिपी गर्मी ने बेचैन किया। दोपहर होते तक मौसम में फिर बदलाव आया। आसमान में काले बादल घिर आए। शहर में कई क्षेत्रों में कुछ देर बूंदाबांदी हुई। अचानक उमड़े बादल जल्दी गायब हो गए। लेकिन शाम होते तक बारिश वाले बादल आसमान में दोबारा मंडराने लगे। शाम के समय कहीं-कहीं छिटपुट बारिश भी हुई। दोपहर-शाम को छिटपुट बारिश के बादल काले बादल छाए रहने से धूप-गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली। रात में नमी भरी हवा से कुछ शीतलता महसूस हुई।
मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार गुरुवार को अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। यह सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा बना रहा। न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री रेकॉर्ड किया गया है। यह सामान्य के बराबर बना रहा। आद्र्रता सुबह के समय 83 प्रतिशत और शाम को 74 प्रतिशत थी। मौसम विज्ञान केन्द्र में वैज्ञानिक सहायक देवेन्द्र कुमार तिवारी के अनुसार उत्तर पश्चिमी मध्यप्रदेश के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके साथ ही स्थानीय बादलों के प्रभाव से गुरुवार को कहीं-कहीं बूंदबांदी हुई है। शहर में इस सीजन में कुल 956.8 मिमी बारिश हो चुकी है। शुक्रवार को कुछ स्थानों पर वर्षा की सम्भावना है।
बरगी डैम में पानी की आवक घटी, सभी गेट बंद
जबलपुर . कैचमेंट क्षेत्र में बारिश थमने और बरगी डैम में पानी की आवक घटने पर गुरुवार को शाम को सभी गेट बंद कर दिए गए। इसके पहले 11 गेट आधा मीटर खुले थे। डैम का जल स्तर सुरक्षित सीमा तक रखने के साथ गेट बंद कर दिए गए। इससे नर्मदा में पानी की आवक घट गई है। जानकारी के अनुसार देर रात से नर्मदा तटों का जल स्तर घटने लगा। डैम के कं ट्रोल रूम से कैचमेंट क्षेत्र में लगातार नजर रखी जा रही है।