जबलपुर

Mumbai Flight पहलेदिन ही फुल, 183 यात्री आए, 180 गए, आज भी वेटिंग

Mumbai Flight पहले दिन ही फुल, 183 यात्री आए, 180 गए, आज भी वेटिंग

2 min read
Jul 02, 2024
Mumbai Flight

जबलपुर . जबलपुर-मुंबई के बीच मंगलवार से नई उड़ान शुरू हुई। पहले ही दिन यह फ्लाइट फुल आई और फुल रवाना हुई। मुंबई एयरपोर्ट से फ्लाइट निर्धारित समय पर जबलपुर एयरपोर्ट पहुंची। बारिश के चलते पहली बार उतरी फ्लाइट को वॉटर सेल्यूट नहीं दिया गया। इंडिगो द्वारा मुंबई-जबलपुर-मुंबई रूट पर एयरबस 350 का संचालन किया जा रहा है। 186 फ्लायर्स क्षमता वाले इस विमान में मुंबई से 183 फ्लायर्स जबलपुर आए। जबलपुर से 180 फ्लायर्स मुंबई गए।

क्रू से मिले समिति सदस्य

नई उड़ान शुरू होने पर वायु सेवा संघर्ष समिति के संयोजक हिमांशु खरे, प्रीति चौधरी, बसंत मिश्रा, अरुण पवार समेत अन्य पदाधिकारियों ने एयरपोर्ट पर इंडिगो की फ्लाइट लेकर आए क्रू से मुलाकात की। कंपनी के कार्यपालक निदेशक के नाम एक पत्र भी सौंपा। जिसमें जबलपुर को पुणे, चेन्नई, हैदराबाद, अहमदाबाद, कोलकाता से जोड़ने की मांग की।

समय बचा

व्यापारी ऋषि अग्रवाल ने बताया कि उनकी बहन रिचा और भांजी अनन्या लंदन में रहती हैं। दोनों को जबलपुर आना था। उन्होंनेे लंदन से मुंबई और मुंबई से इंदौर और इंदौर से जबलपुर की फ्लाइट बुक कराई थी। जबलपुर- मुंबई-जबलपुर के बीच नियमित उड़ान शुरू होने से उनका समय बच गया।मुंबई से वे सीधे जबलपुर आ गईं।

शनिवार को दो उड़ान

इस रूट पर स्पाइस जेट द्वारा साप्ताहिक उड़ान संचालित की जा रही है। यह सप्ताह में एक दिन शनिवार को है। स्पाइस जेट का विमान सुबह 11 बजकर 40 मिनट पर मुंबई एयरपोर्ट से उड़ान भरकर दोपहर एक बजकर 50 मिनट पर जबलपुर एयरपोर्ट पहुंचता है। आधे घंटे यहां रुकने के बाद विमान दोपहर दो बजकर 20 मिनट पर उड़ान भरकर चार बजकर 20 मिनट पर मुंबई एयरपोर्ट पहुंचता है। दो उड़ान के चलते फ्लायर्स को कम फेयर लग रहा है। इससे मुंबई जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ेगी।

लोगों में उत्साह

शहर से मुंबई और मुंबई से शहर आने वाले फ्लायर्स ने इस फ्लाइट की घोषणा होने के साथ ही बुकिंग करानी शुरू कर दी थी। जानकारी के अनुसार इस विमान में यात्रा करने के लिए फ्लायर्स को पांच से छह हजार रुपए किराया चुकाना पड़ा है। फ्लायर्स के चेहरे पर मुंबई फ्लाइट नियमित शुरू होने का सुकुन था। जबलपुर से मुंबई की यात्रा करने वाले फ्लायर्स में भी खासा उत्साह देखने को मिला। लोगों ने बताया कि मुंबई के लिए एक ही उड़ान होने से कारोबारियों और छात्रों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। ट्रेन में भी टिकट नहीं मिल पाती थी।

Also Read
View All

अगली खबर