जबलपुर के मेडिकल कॉलेज अस्पताल ने ने शुरू की तैयारी
जबलपुर। कोरोना संक्रमितों की संख्या तेजी से बढऩे के बाद जबलपुर मेडिकल कॉलेज परिसर स्थित स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट को कोविड केयर सेंटर बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। कैंसर इंस्टीट्यूट के लिए करीब 50 करोड़ रुपए से नया भवन बनाया गया है। योजना के मुताबिक भवन अब तक हैंडओवर हो जाना था। लेकिन, निर्माण एजेंसी की ढिलाई से प्रोजेक्ट समय पर पूरा नहीं हो सका। कोरोना संक्रमण की दर बढऩे के बाद कोविड मरीजों को भर्ती करके इलाज और आइसोलेशन के लिए नए बिस्तरों की जरूरत महसूस की जा रही है। इसलिए कैंसर इंस्टीट्यूट के भवन के शेष कार्यों को जल्द पूरा करने जोर लगाया जा रहा है। कलेक्टर भरत यादव और एनएससीबीएमसी के डीन डॉ. पीके कसार के बीच बुधवार को कैंसर इंस्टीट्ूयूट को कोविड अस्पताल बनाने पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने इंस्टीट्यूट बिल्डिंग का भी निरीक्षण किया। कलेक्टर ने पीआईयू-पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को अधूरे कामों को पूरा करने के निर्देश दिए।
कैंसर इंस्टीट्यूट का भवन संबंधी फिनिशिंग काम पूरा हो गया है। ऑक्सीजन सप्लाई लाइन और फायर फाइटिंग का काम अधूरा है। इंस्टीट्यूट के लिए जरूरी फर्नीचर तैयार नहीं हैं। कॉलेज प्रशासन के पास 150 नए बेड रिजर्व हैं। इन बिस्तरों के साथ इंस्टीट्यूट शुरू किया जा सकता है।
इसके अलावा कोरोना के माइल्ड लक्षण वाले मरीजों के इलाज के लिए जबलपुर के रांझी-वीकल फैक्ट्री रोड पर स्थित शारदा नगर में ज्ञानोदय आवासीय विद्यालय के नवनिर्मित छात्रावास भवन में कोविड केयर सेंटर बनाया जाएगा। कलेक्टर भरत यादव ने बुधवार को छात्रावास का निरीक्षण किया। उन्होंने इलाज के लिए आवश्यक व्यस्थाएं करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने ज्ञानोदय आवासीय विद्यालय को कोरोना के माइल्ड लक्षण वाले मरीजों के लिए सर्वाधिक उपयुक्त बताया। सीमएएचओ को यहां डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ, सफाई कर्मचारियों सहित अन्य अमले को शीघ्र तैनात करने के निर्देश दिए। इस दौरान नगर निगम आयुक्त अनूप कुमार, अपर कलेक्टर संदीप जीआर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ रत्नेश कुररिया, एसडीएम दिव्या अवस्थी एवं विभागों के अधिकारी मौजूद थे। ज्ञानोदय के नए छात्रावास भवनों के निरीक्षण के बाद कलेक्टर ने यहां बनाए गए क्वॉरंटीन सेंटर का भी निरीक्षण किया। यहां रह रहे लोगों से सुविधाओं की जानकारी ली। ड्यूटी से अनुपस्थित रहने या लापरवाह कर्मचारियों को निलंबित करने के निर्देेश दिए।