मप्र में लापता का पता बताने पुलिस लेती है 50 हजार रुपए, यकीन नहीं तो पढ़ें ये खबर
जबलपुर। अधारताल के जवाहर नगर से एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। बुधवार दोपहर उसके परिजन के पास फोन आया। बात करने वाले ने खुद को पुलिस जवान बताया और कहा कि उसे मालूम है कि युवक कहां है। यदि वे उसे 50 हजार रुपए देते हैं, तो वह युवक का पता बता देगा। परिजन ने यह जानकारी पुलिस को दी। उसके बाद अधारताल पुलिस उमरिया पहुंची और पुलिस जवान को पकड़ लिया। उससे पूछताछ की जा रही है।
लापता का पता बताने के बदले पुलिस जवान ने मांगे 50 हजार
अधारताल थाने का मामला, पुलिस जवान को पकड़ा
यह है मामला- जवाहर नगर निवासी विनेश यादव का बेटा आदित्य यादव (20) कॉलेज में द्वितीय वर्ष का छात्र है। 30 नवम्बर को वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। परिजन ने उसकी तलाश की, लेकिन पता नहीं चलने पर अधारताल थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। आदित्य के बड़े भाई अरविंद यादव के मोबाइल पर बुधवार दोपहर फोन करने वाले ने कहा कि उसे आदित्य के बारे में जानकारी है। यदि वे उसे 50 हजार रुपए देते हैं, तो वह उन्हें आदित्य का पता बता देगा। पुलिस ने नम्बर ट्रैस किया, तो पता चला कि वह फोन उमरिया से आया था। पुलिस टीम उमरिया पहुंची और उक्त व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ में पता चला कि वह भी पुलिस जवान है। टीम उसे अधारताल थाने ले आई। वहां पूछताछ की जा रही है।
लापता आदित्य का पता बताने के बदले पुलिस जवान ने परिजन को फोन कर 50 हजार की मांग की थी। पुलिस जवान को पकडकऱ पूछताछ की जा रही है।
- अशोक तिवारी, सीएसपी