
जबलपुर। आषाढ़, सावन के सूखे की भादों में भरपाई हुई थी। अगस्त के आखिरी पखवाड़े में झमाझम बरसने वाले बादलों की चाल सितम्बर में भी बनी रहने की उम्मीद थी। लेकिन, सितम्बर का पहला सप्ताह सूखा बीत रहा है। मानसून के साथ लोकल सिस्टम भी रूठ गया है। छह दिन में करीब आधा इंच ही बारिश हुई है। लगातार तेज धूप चुभ रही है। उमस-गर्मी बेचैन कर रही है। बारिश वाले बादलों के गायब रहने और आसमान साफ मिलने से सूरज को तीखे तेवर दिखाने का मौका मिल गया है। पारा लगातार उछाल मारते हुए 35 डिग्री के करीब पहुंच गया है। पूरे सप्ताह में सामान्य से ऊपर बना पारा रविवार को पांच डिग्री तक ऊपर निकल गया।
रविवार को मौसम का तेवर उमस और गर्मी भरा रहा। सुबह से धूप, दोपहर में उमस और शाम को चिपचिपी गर्मी थी। रविवार को भी तापमान शनिवार के जैसा ही था। अधारताल स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार रविार को अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री रेकॉर्ड किया गया।
अधिकतम स्तर पर तापमान सामान्य से पांच डिग्री एवं न्यूनतम स्तर पर सामान्य से एक डिग्री ज्यादा था। आद्र्रता सुबह के समय 80 प्रतिशत और शाम को 69 प्रतिशत थी। उत्तर पश्चिमी हवा चार किमी प्रतिघंटा की गति से चली। शनिवार रात 0.5 मिमी बारिश के साथ शहर में सीजन में अभी तक 966.7 मिमी वर्षा रेकॉर्ड की गई।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार द्रोणिका की पोजीशन में एक-दो दिन में बदलाव शुरू हो सकता है।कुछ दिन में मानसूनी सिस्टम रीजन में लो-प्रेशर एरिया बन सकता है। इसके प्रभाव से सितम्बर के दूसरे पखवाड़े में अच्छी वर्षा की सम्भावना है। फिलहाल बारिश का कोई सिस्टम नहीं है। उमस एवं तेज धूप के बीच स्थानीय प्रभाव से बनने वाले कम दबाव के क्षेत्र से छिटपुट वर्षा आने वाले दिनों में हो सकती है।