हिमालय की वादियों से आ रही सर्द हवा
जबलपुर . मकर संक्रांति पर कंपकंपाने वाली सर्दी लगातार दूसरे दिन शुक्रवार को भी बनी रही। शीतलहर से सुबह और रात में कड़ाके की सर्दी बनी रही। हिमालय की वादियों से टकराकर आ रही सर्द हवा से गलन वाली ठंड का अहसास हुआ। आकाश साफ होने से दिन में भी सर्द हवा चुभी। दोपहर में धूप तेज होने पर कुछ देर के लिए राहत रही। लेकिन शाम होते ही सर्द हवा का असर फिर बढ़ गया। सीजन का अब तक सबसे कम 5.5 डिग्री सेल्सियस पर पारा स्थिर बना रहा। शहर के बाहरी और उपनगरीय क्षेत्रों में सर्दी का असर और ज्यादा रहा। डुमना, खमरिया, टीएफआरआइ, महाराजपुर जैसे क्षेत्रों में ठिठुरन बनी रही।
सामान्य से पांच डिग्री नीचे रहा पारा
आकाश साफ रहने और उत्तरी हवा के असर से शुक्रवार को अधिकतम तापमान भी लुढक़ा। अधारताल स्थित मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार गुरुवार को अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड किया गया था। शुक्रवार को अधिकतम तापमान में गिरावट आई। यह लगभग आधा डिग्री लुढक़ कर 23.7 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड हुआ। न्यूनतम तापमान शुक्रवार को भी 5.5 डिग्री सेल्सियस पर स्थिर बना रहा। आद्र्रता सुबह के समय 67 प्रतिशत और शाम को 39 प्रतिशत थी। उत्तर-पूर्वी हवा दो से तीन किलोमीटर प्रतिघंटा की औसत गति से चली। गुरुवार को रात्रि में प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान उमरिया में तीन डिग्री रेकॉर्ड किया गया।
अभी महसूस होगा जाड़ा
मौसम विज्ञान केन्द्र में वैज्ञानिक सहायक देवेन्द्र कुमार तिवारी के अनुसार आकाश साफ है। मौसम मुख्यत: शुष्क बना हुआ है। पहाड़ी राज्यों में अच्छी बर्फबारी हुई है। उसके बाद वहां से सर्द हवा आ रही है। हवा की दिशा उत्तरी बने रहने से सर्द हवा मौसम में ठंड बढ़ा रही है। शनिवार से तापमान में मामूली वृद्धि हो सकती है। लेकिन ठंड से अभी राहत नहीं मिलेगी। दो-तीन दिन अभी सर्दी का असर रहेगा।