जबलपुर

पनागर कस्बे में किसान का 1.18 लाख रुपए का थैला लेकर चोर फरार

-सहकारी बैंक से पैसा निकालने के बाद बेटे का पेन कार्ड बनवाने एक कम्प्यूटर सेंटर में पहुंचे थे पिता-पुत्र, सीसीटीवी में संदेही कैद

2 min read
stolen

जबलपुर। पनागर थानांतर्गत बरौदा तिराहे पर पेट्रोल पम्प कर्मी से 1.04 लाख रुपए लूट का अभी खुलासा भी नहीं हो पाया कि गुरुवार को भीड़ भरे बाजार में किसान का 1.18 लाख रुपए से भरा थैला चोरी हो गया। किसान पैसों वाला थैला लेकर फुहारा चौक स्थित एक कम्प्यूटर सेंटर में बेटे का पेन कार्ड बनवाने गया था। जैसे ही थैला बगल की कुर्सी पर रखा, पीछा कर वहां पहुंचा आरोपी लेकर फरार हो गया। संदेही बैंक से ही किसान के पीछे लगा था। सीसीटीवी फुटेज में दो संदेही कैद मिले हैं। पनागर पुलिस चोरी का मामला दर्ज कर जांच में जुटी है।
पुलिस के अनुसार मनकवारा निवासी मोहनलाल सेन खेती किसानी करता है। वह गुरुवार दोपहर को बेटे अभिषेक के साथ बाइक से पनागर आया था। यहां सहकारी बैंक से 1.18 लाख रुपए निकाले। सभी नोट पांच-पांच सौ के थे। उसे थैले में रखा और फिर वहां से एसबीआई पासबुक में इंट्री कराने चला गया। जबकि बेटा आधार कार्ड अपडेट कराने चला गया। यहां से दोनों दोपहर 3.30 बजे के लगभग फुहारा चौक स्थित शिवम कम्प्यूटर सेंटर पहुंचे। यहां अभिषेक का पेन कार्ड बनवाने पहुंचे थे। मोहनलाल के मुताबिक अभिषेक फार्म में अपना डिटेल भरने लगा। जबकि वह वहीं सामने कुर्सी पर बैठ गया। उसने रुपयों वाला थैला बगल की कुर्सी पर रख दिया। कुछ देर बाद नजर पड़ी तो थैला गायब था। थैले में रुपए के अलावा यूनियन बैंक, एसबीआई जिला सहकारी बैंक के कुल छह पासबुक, दो आधार कार्ड थे। आसपास तलाश करने के बाद दोनों 5.28 बजे थाने पहुंचे और चोरी की शिकायत दर्ज कराई। वारदात की सूचना पाकर मौके पर सीएसपी अधारताल अशोक तिवारी पहुंचे थे।
सीसीटीवी में कैद दिख रहे हैं संदेही-
एएसपी अगम जैन ने बताया कि मोहनलाल ने किसान क्रेडिट कार्ड का बकाया जमा करने के लिए उक्त पैसा निकाला था। बैंक सहित वारदात स्थल पर लगे कुछ सीसीटीवी फुटेज में दो संदेही दिखे हैं। एक पतले-दुबले युवक को मोहनलाल ने पहचानने का दावा किया है। दोनों संदेहियों की तलाश चल रही है। वारदात के बाद दोनों भीड़भाड़ वाले कस्बे में पैदल भागते हुए दिखे हैं।

Published on:
02 Oct 2020 08:00 am
Also Read
View All