
Weather News Rajasthan:प्रदेश में शनिवार को मकर संक्रांति से फिर मौसम बदलेगा। पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होगा और उत्तरी हवा प्रभावी होगी। मौसम केंद्र ने 14 जनवरी से 19 जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। शीतलहर का यह दौर कई दिन चलने के आसार हैं। जिस तेजी से तापमान बढ़ा, उस तेजी से तापमान फिर गिरेगा और ठिठुरन बढ़ जाएगी।
पश्चिमी विक्षोभ के कारण बने परिसंचरण तंत्र के असर से प्रदेश में गुरुवार को बादल छाए रहे। दिन भर धूप की लुका-छिपी चलती रही। बादलों से तापमान में भी बढ़ोतरी हुई। पिछले 5-6 दिन में अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान में 8-10 डिग्री की वृद्धि हुई है। भारतीय मौसम विभाग की माने तो अगले तीन दिनों में तापमान कई जिलों शून्य से नीचे पहुंच सकता है।
इन जिलों के लिए अतिशीतलहर का ऑरेंज अलर्ट
14 जनवरी को बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़, सीकर, झुंझुनूं व नागौर में अतिशीतलहर का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया। जबकि अन्य सभी जिलों में शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसी तरह, 15 जनवरी को झुंझुनूं, सीकर व चूरू के अलावा बीकानेर, हनुमानगढ़ व नागौर में शीत व अति शीतलहर, जबकि अजमेर, अलवर, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौडगढ़़, दौसा, धौलपुर, जयपुर, करौली, सवाई माधोपुर, टोंक व श्रीगंगानगर में येलो अलर्ट जारी किया गया है।