
जयपुर। राजधानी में रूक—रूककर हो रही बारिश के चलते ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में आमागढ़ कच्ची बस्ती में चट्टान खिसकने से एक की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हुए है। सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर घायलों को अस्पताल भिजवाया है।
आमागढ़ में पहाड़ के नीचे लोगों ने मकान बना लिए। सुबह से रूक—रूक हो रही बारिश के चलते चट्टान में आई दरारें और गहरी हो गई। तेज आवाज के साथ भारी भरकम चट्टान नीचे गिर गई। जिसके कारण मकानों में मौजूद लोग चपेट में आ गए।
इस हादसे में एक युवक दब गया था जो गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया, जिसने कुछ ही देर में दम तोड़ दिया। वहीं पत्थर गिरने से टूटे मकानों में फंस जाने से बच्चे और कुछ महिलाएं भी घायल हुई।
सूचना के बाद मौके पर सिविल डिफेंस, एसडीआरएफ, पुलिस, वन विभाग और जिला प्रशासन के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की माने तो सुबह की बारिश के बाद पहाड़ से लाल मिट्टी गिरना शुरू हो गई थी। जिसे देखकर कुछ परिवार तो निकलकर बाहर आ गए थे। जबकि कई लोग तो मिट्टी गिरने पर भी नजरअंदाज करते रहे।
जयपुर में जमकर हुई बारिश
दोपहर होते ही शहर के परकोटा, टोंक रोड, रेलवे स्टेशन, खासाकोठी, स्टेचू सर्किल, आधे जेएलएन मार्ग सहित जमकर मेघ बरसे। सुबह से हो रही उमस के बाद दोपहर 12 बजे अचानक बारिश का दौर शुरू हो गया। करीब एक घंटे तक हुई बारिश में यातयात थम गया।
परकोटा में सबसे ज्यादा परेशानी देखने को मिली। चारदीवारी में बारिश के बाद जगह—जगह जाम लग गया। करीब दो किमी तक वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिली। पानी निकासी न होने से सडकें लबालब हो गई। यही हाल टोंक रोड एसएमएस अस्पताल के सामने देखने को मिला। यहां सडक पर पानी भर गया।
इधर, रविवार को बारिश से वंचित रहे वैशाली नगर, खातीपुरा, सोडाला, अजमेर रोड, भाकरोटा, सिरसी रोड, हसनपुरा आदि इलाकों में बस बादल छाकर रह गए। यहां लोग बारिश का इंतजार करते रहे। हांलाकि पूरे शहर में बारिश नहीं हुई। लेकिन सुबह से हो रही उमस से लोगों को राहत मिल गई। कलेक्ट्रेट पर अपराहृ सुबह आठ बे से तीन बजे तक आधा इंच से अधिक बारिश दर्ज की गई है। इधर मौसम विभाग ने आगामी दो दिनों में पूर्वी राजस्थान में भारी बारिश की संभावना जताई है।