
मतादताओं को साधने का प्रयास करने घर-घर पहुंचे बीजेपी-कांग्रेसे के प्रत्याशी (Photo-Patrika)
जयपुर . टिकटों की तस्वीर साफ होते ही जयपुर नगर निगम चुनाव अब कागजों और सियासी दावों से निकलकर सीधे मतदाताओं के बीच पहुंच गया है। शनिवार को शहर के अलग-अलग वार्डों में चुनावी हलचल साफ नजर आई। प्रत्याशियों ने अपने प्रचार अभियान की शुरुआत वार्ड की गलियों से की और मतदाताओं के घरों तक पहुंचकर संपर्क साधा। कहीं प्रत्याशी अकेले मतदाताओं के बीच पहुंचे तो कहीं समर्थकों और कार्यकर्ताओं की भीड़ के साथ अपनी ताकत का प्रदर्शन किया गया। प्रत्याशियों ने पुराने संपर्कों को खंगाला तो नए चेहरों ने पहली बार मतदाताओं के बीच अपनी पहचान बनाने की कोशिश की। इस दौरान चुनावी चर्चा सिर्फ पार्टी और प्रत्याशी तक सीमित नहीं रही, बल्कि वार्ड की रोजमर्रा की परेशानियां भी बातचीत के केंद्र में रहीं। पानी, सीवर और स्ट्रीट लाइट जैसे मुद्दों पर लोगों ने प्रत्याशियों के समक्ष अपनी परीक्षाएं सामने रखीं। अब प्रत्याशियों के सामने बड़ी चुनौती इन संपर्कों को वोट में बदलने की है। लिहाजा चुनाव प्रचार के शुरुआती चरण में ही हर उम्मीदवार ज्यादा से ज्यादा मतदाताओं तक पहुंचकर अपने लिए माहौल तैयार करने में जुट गया है।
भाजपा प्रत्याशी अमित सारवान ने वार्ड की विभिन्न कॉलोनियों में जनसंपर्क के दौरान मतदाताओं से क्षेत्र के विकास पर चर्चा की। लोगों ने सड़क, सफाई, पेयजल और पार्कों की समस्याएं बताईं। वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी मोहम्मद वसीम ने जनसंपर्क के दौरान लोगों से क्षेत्र की समस्याओं और विकास की जरूरतों पर बातचीत की। मतदाताओं ने सफाई, सीवरेज, सड़क और यातायात से जुड़े मुद्दे रखे।
भाजपा प्रत्याशी ज्योति खंडेलवाल ने टिकट मिलने के बाद शनिवार को अपने क्षेत्र में लोगों ने जनसम्पर्क किया। इस दौरान कई जगह उनको स्वागत फूलमाला पहना कर किया गया। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी सुनिता मेठी ने शनिवार को सौखियों का रास्ता, टिक्कड़ मालियों का चौक क्षेत्र में जनसम्पर्क किया। उन्होंने इस दौरान आमजन की समस्याओं को सुना और उनके समाधान को लेकर बात की। इस दौरान उनका भी कई स्थानों पर स्वागत किया गया।
बदनपुरा, हनुमानजी मंदिर और गणेश कॉलोनी क्षेत्र में कांग्रेस के रवि शर्मा के स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए। उन्होंने लोगों से मुलाकात कर क्षेत्र की जरूरतों पर चर्चा की। भाजपा के विमल अग्रवाल ने बदनपुरा रोड, दशहरा कोठी और नींबू का बाग क्षेत्र में प्रचार कर विकास का वादा किया।
कांग्रेस प्रत्याशी विनिता कूलवाल ने वार्ड के शिव मार्ग, मीरा मार्ग, भारतीय पथ, कांति चंद्र रोड सहित विभिन्न कॉलोनियों में जनसंपर्क किया। उन्होंने मतदाताओं से वार्ड की समस्याओं और विकास कार्यों पर चर्चा की। वहीं, भाजपा प्रत्याशी कविता शर्मा ने बनीपार्क स्वामी बस्ती और दीया मार्ग सहित विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क किया। वार्डवासियों ने सीवरेज लाइन, गंदगी और स्ट्रीट डॉग की समस्या से उन्हें अवगत कराया।
कांग्रेस के यशपाल गुर्जर ने रोहित नगर, लल्लू नगर और शिव नगर में क्षेत्र के बुजुर्गों से आशीर्वाद लेते हुए वार्ड के विकास और बेहतर सुविधाओं के लिए समर्थन की अपील की। वहीं भाजपा के प्रकाश सैनी ने गोपी नगर, जगदंबा क्षेत्र और जयसिंहपुरा खोर में जनसंपर्क किया।
भाजपा प्रत्याशी हंसराज चौहान ने शनिवार को खेतड़ी हाउस, बोब जी का डेरा, नारी का नाका सहित आस-पास के क्षेत्रों में जनसंपर्क किया। उधर कांग्रेस प्रत्याशी महेश तंबोली सरस्वती कॉलोनी, चांदपोल बाजार, बैरवा बस्ती, खलील जी का चौराहा सहित मुख्य इलाकों में घर-घर जाकर जनसंपर्क किया।
भाजपा प्रत्याशी मनोज चावरिया वार्ड की विभिन्न कॉलोनियों में घर-घर पहुंचे। मतदाताओं ने सड़क, सफाई, सीवरेज और पार्कों से जुड़े मुद्दे सामने रखे। वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी मोहम्मद हनीफ को तदाताओं ने सफाई व्यवस्था, सड़क, नालियों और स्ट्रीट लाइट से जुड़ी समस्याएं बताईं।
भाजपा प्रत्याशी सुनीता मेहरा ने जनसंपर्क के दौरान कॉलोनियों में मतदाताओं से मुलाकात कर वार्ड की समस्याओं पर चर्चा की। वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी संतोष सूद ने अपने चुनाव कार्यालय में महिला कार्यकर्ताओं की बैठक ली। बैठक में चुनाव प्रचार, जनसंपर्क और मतदाताओं से संवाद को लेकर चर्चा की गई।
कांग्रेस की मीना डंडोरिया ने विष्णु मार्ग और नाहरगढ़ रोड क्षेत्र में जनसंपर्क किया। इसके साथ ही लंगर के बालाजी स्थित चुनाव कार्यालय में सभा का आयोजन किया गया। उन्होंने स्थानीय लोगों से संवाद कर क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की और समर्थन मांगा। वहीं भाजपा की भगवती ने हरिजन बस्ती, रामखोल और मीना पाड़ा क्षेत्र में जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।
भाजपा प्रत्याशी निखिल बसवाल ने आजाद नगर, नायकों का टीबा सहित विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क किया। उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील की। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी महेश कुमार सामरिया ने आमागढ़ वैदपुरी क्षेत्र में जनसंपर्क किया।
कांग्रेस प्रत्याशी दुर्गेश शर्मा ने स्वर्णकार कॉलोनी, शांति पथ, संजय कॉलोनी और इंद्र कॉलोनी में घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क किया। वहीं भाजपा प्रत्याशी रवि शंकर शर्मा के प्रधान चुनाव कार्यालय का उद्घाटन शनिवार को सुभाष नगर में सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा ने किया। इस दौरान विधायक बालमुकुंदाचार्य, अरुण चतुर्वेदी, मोहनलाल गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
कांग्रेस की गीतांजली सैनी ने एकता विहार, गोविंद नगर और लक्ष्मी नगर में जनसंपर्क किया। उन्होंने क्षेत्र में बदलाव और बेहतर विकास का भरोसा दिलाते हुए समर्थन मांगा। रेणु खंडेलवाल ने शंकर नगर, लक्ष्मी नगर और कृष्णा नगर सहित विभिन्न क्षेत्रों में लोगों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय निवासियों से मुलाकात की।
कांग्रेस के उत्तम चंद ने वर्मा कॉलोनी और इंद्रा कॉलोनी में स्थानीय लोगों से मुलाकात कर समर्थन की अपील की। भाजपा के आशीष साहू ने पशुपतिनाथ कॉलोनी, तेलीपाड़ा, कल्याण चौक और रावण का चौराहा क्षेत्र में प्रचार किया। उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर वार्ड की समस्याओं पर अपनी बात रखी।
भाजपा प्रत्याशी ज्ञानचंद खंडेलवाल ने चांदपोल, लालखुर्रा, रामनगर, आजाद बस्ती, वनस्थली रोड, लोहामंडी, खातीवाड़ा, संसारचंद्र रोड और अमरापुरा सहित आस पास के क्षेत्रों में घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क किया। उधर कांग्रेस प्रत्याशी अब्दुल लतीफ कुरैशी ने हाजी कॉलोनी, नारी का नाका, बरकत कॉलोनी सहित आस पास के क्षेत्रों में डोर टू डोर और गेट टुगेदर के माध्यम से जनसंपर्क किया।
भाजपा प्रत्याशी चंद्रप्रकाश ने नाहरगढ़ रोड, माउंट रोड, तेजाजी की बगीची, बगरू वालों का रास्ता सहित आसपास के क्षेत्रों में घर-घर जाकर जनसंपर्क करते हुए अपने पत्र में मतदान की अपील की। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी जुगल किशोर ने गोविंद राय का रास्ता, रंगेश्वर महादेव की गली, नाहरगढ़ रोड सहित आसपास के क्षेत्रों में डोर-टू-डोर जाकर अपने पक्ष में समर्थन मांगा।
Updated on:
06 Sept 2026 04:43 pm
Published on:
06 Sept 2026 02:46 pm
