6 सितंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

जयपुर में वोट मांगने पहुंचे कांग्रेस MLA प्रशांत शर्मा का उग्र विरोध, गाड़ी पर चढ़े लोग- काले झंडे दिखाए, देखें हंगामे का VIDEO

Jaipur Nagar Nigam Election : जयपुर के आमेर में प्रचार करने पहुंचे कांग्रेस विधायक प्रशांत शर्मा का उग्र विरोध। लोगों ने दिखाए काले झंडे, गाड़ी पर चढ़कर की नारेबाजी।
3 min read
Google source verification
amer congress mla prashant sharma protested black flags shown in jaipur

Protest PIC of Congress MLA Prashant Sharma in Jaipur

राजस्थान में जारी नगर निगम चुनाव 2026 के बीच राजधानी जयपुर से हैरान करने वाली तस्वीर सामने आई है। दरअसल, शनिवार दोपहर आमेर के हांडीपुरा इलाके में कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी अंजलि ब्रह्मभट्ट के समर्थन में प्रचार करने पहुंचे स्थानीय कांग्रेस विधायक प्रशांत सहदेव शर्मा को स्थानीय लोगों के भारी आक्रोश और विरोध का सामना करना पड़ा। मक्का मस्जिद हांडीपुरा के पास जैसे ही विधायक शर्मा का काफिला पहुंचा, बड़ी संख्या में एकत्र हुए स्थानीय निवासियों ने उनकी गाड़ी को चारों तरफ से घेर लिया और जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। जनता का गुस्सा इस कदर बढ़ा हुआ था कि विधायक अपनी गाड़ी से बाहर तक नहीं निकल पाए और उग्र माहौल को देखते हुए उन्हें बिना प्रचार किए ही वहां से वापस लौटना पड़ा।

हैरानी की बात इसलिए भी है, क्योंकि जिस क्षेत्र से विधायक प्रशांत शर्मा चुनकर आए हैं, वहीं की जनता ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मौके पर मौजूद लोगों ने न केवल विधायक के काफिले को रोककर काले झंडे दिखाए, बल्कि कई आक्रोशित युवा नारेबाजी करते हुए विधायक की चलती गाड़ी के बोनट पर चढ़ गए। इस दौरान हुए भारी हंगामे में गाड़ी के शीशे टूटने की भी खबर है। घटना के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर इस विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी के कई वीडियो बहुत तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिसने चुनाव मैदान में उतरी कांग्रेस पार्टी के लिए असहज स्थिति पैदा कर दी है।

टिकट वितरण और उपेक्षा से आक्रोशित थे लोग

हांडीपुरा इलाके में हुए इस विरोध प्रदर्शन के पीछे स्थानीय लोगों का लंबे समय से पनप रहा गुस्सा माना जा रहा है। प्रदर्शन कर रहे लोगों का सीधा आरोप था कि विधायक प्रशांत शर्मा ने विधानसभा चुनावों के दौरान उनसे वोट ले लिए, लेकिन चुनाव जीतने के बाद लगातार इस क्षेत्र और एक वर्ग विशेष के विकास कार्यों की पूरी तरह से उपेक्षा की।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि विधायक बनने के बाद वे क्षेत्र की समस्याओं को सुनने कभी वापस नहीं आए और अब जब नगर निगम चुनाव में फिर से वोट की जरूरत पड़ी है, तो वे प्रत्याशी के लिए समर्थन मांगने आ गए हैं।

इसके साथ ही प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम चुनाव 2026 के लिए किए गए टिकट वितरण में भारी अनियमितताओं और मनमानी के गंभीर आरोप भी लगाए हैं। लोगों का कहना था कि क्षेत्र के जमीनी और योग्य कार्यकर्ताओं को दरकिनार करके गलत प्रत्याशी को चुनाव मैदान में उतारा गया है।

इसी बात से नाराज होकर हांडीपुरा के लोगों ने विधायक के सामने ही अपनी भड़ास निकाली और साफ कह दिया कि वे इस तरह की अनदेखी को अब और बर्दाश्त नहीं करेंगे।

बड़ी मुश्किल से सुरक्षित निकाला गया काफिला

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शनिवार दोपहर जैसे ही विधायक प्रशांत सहदेव शर्मा का वाहनों का काफिला हांडीपुरा इलाके में दाखिल हुआ, सैकड़ों की संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए। देखते ही देखते माहौल इतना ज्यादा तनावपूर्ण हो गया कि लोगों ने विधायक की गाड़ी को पूरी तरह से रोक लिया। भीड़ में शामिल युवाओं ने हाथों में काले झंडे लेकर विधायक के खिलाफ तीखी नारेबाजी की और कुछ लोग आक्रोश में आकर सीधे गाड़ी के ऊपर चढ़ गए।

हंगामा इतना ज्यादा बढ़ गया था कि गाड़ी में अंदर बैठे विधायक प्रशांत शर्मा के पास बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं बचा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्र के कुछ वरिष्ठ और समझदार लोगों ने हस्तक्षेप किया। उन्होंने उत्तेजित भीड़ को काफी मशक्कत के बाद शांत कराया और रास्ता खाली करवाकर विधायक शर्मा के काफिले को सुरक्षित उस इलाके से बाहर निकलवाया।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, MLA ने नहीं उठाया फोन

आमेर के हांडीपुरा में हुए इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के 1 मिनट से लेकर 2 मिनट तक के कई अलग-अलग वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके हैं। इन वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि किस तरह स्थानीय लोग विधायक की गाड़ी के आगे खड़े होकर प्रदर्शन कर रहे हैं और काले झंडे लहरा रहे हैं। वीडियो में गाड़ी के ऊपर चढ़े लोग और पुलिस-प्रशासन की गैर-मौजूदगी में मचता हंगामा साफ नजर आ रहा है।

इस पूरे घटनाक्रम और स्थानीय लोगों द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों पर विधायक प्रशांत शर्मा का पक्ष जानने के लिए कई बार उनसे फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनकी तरफ से फोन नहीं उठाया गया और न ही कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है।

निकाय चुनाव पर पड़ सकता है असर!

जयपुर नगर निगम चुनाव में आमेर विधानसभा क्षेत्र का यह इलाका काफी महत्वपूर्ण माना जाता है। चुनाव प्रचार के ऐन वक्त पर विधायक के खिलाफ जनता का यह आक्रामक रुख सामने आने से कांग्रेस प्रत्याशी अंजलि ब्रह्मभट्ट के चुनावी समीकरणों पर गहरा असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है।

स्थानीय मतदाताओं के बीच इस घटना की तीखी चर्चा है। विपक्षी दलों ने भी इस वायरल वीडियो को मुद्दा बनाना शुरू कर दिया है और उनका कहना है कि यह आमेर की जनता का वह सच है जो विधायक के पिछले कार्यकाल के काम-काज को उजागर कर रहा है। आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि कांग्रेस पार्टी इस जन-आक्रोश को शांत करने के लिए क्या कदम उठाती है।

बड़ी खबरें

View All

जयपुर

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग