जयपुर

राजस्थान निकाय चुनाव 2026: AAP का घोषणा पत्र जारी, क्या ‘मोहल्ला क्लीनिक’ और फ्री सर्विस से बदलेगी शहरों की तस्वीर?

आम आदमी पार्टी ने राजस्थान निकाय चुनाव 2026 के लिए अपना घोषणा-पत्र जारी किया है। पार्टी ने 'गैस चैंबर' बनते शहरों को भ्रष्टाचार, अतिक्रमण और प्रदूषण से मुक्त कराने का वादा किया। AAP प्रभारी धीरज टोकस, घनेंद्र भारद्वाज और देवेंद्र शास्त्री ने कहा कि नगरीय निकायों में पारदर्शी प्रशासन, प्राथमिक शिक्षा में सुधार, मोहल्ला क्लीनिक, कचरे का त्वरित निस्तारण और बिजली के तारों को भूमिगत करने को प्राथमिकता दी जाएगी।
3 min read
Sep 02, 2026
aap manifesto
आम आदमी पार्टी ने अपना घोषणा पत्र किया जारी (फोटो: @AAPRajasthan)

Rajasthan Aam Aadmi Party Manifesto: जयपुर: आम आदमी पार्टी ने बुधवार को राजस्थान के स्थानीय चुनाव 2026 के लिए अपना घोषणा पत्र जारी किया, जिसमें मुख्य रूप से भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन देने का वादा किया गया है। साथ ही निगमों, परिषदों और पालिकाओं के जरिए शहर को स्वच्छ हवा, स्वच्छ पानी, अतिक्रमण मुक्त व्यवस्था देने पर जोर दिया गया है।

आम आदमी पार्टी के प्रभारी धीरज टोकस ने कहा कि स्थानीय निकाय चुनाव आम जनता के जीवन को सीधे प्रभावित करने वाला चुनाव है। राजस्थान ही नहीं पूरे देश में लोकल बॉडीज गवर्नमेंट भ्रष्टाचार के कारण जनता को वो सुविधाएं और सेवाएं देने में असफल हैं, जो उनको देनी चाहिए। शहर की शिक्षा, प्लानिंग, स्वास्थ्य, सफाई, सड़क, फुटपाथ, सार्वजनिक परिवहन, प्रदूषण, पार्किंग, व्यापारिक सुविधाएं, निर्माण अनुमति और पेयजल जैसी मूलभूत व्यवस्थाएं नगर निकाय के कामकाज से सीधे जुड़ी हैं। इसी कारण AAP ने अपने घोषणा-पत्र में स्थानीय स्तर पर प्रभावी और जवाबदेह व्यवस्था को प्राथमिकता दी है।

स्थानीय निकाय पूरी तरह असफल

सह प्रभारी घनेंद्र भारद्वाज के अनुसार, जिन विकसित देशों को देखकर लोकल बॉडीज का कॉन्सेप्ट हमारे यहां लागू किया गया है, उसमें हमारे स्थानीय निकाय पूरी तरह असफल साबित हुए हैं। शहरों की प्लानिंग सही और दूरदर्शी नहीं है। शहरों में सड़क चौड़ी करने के लिए तोड़फोड़ के अभियान चलाने पड़ते हैं। अतिक्रमण और भवन निर्माण में नियमों की अवहेलना चरम पर है। परिणाम स्वरूप हमारे शहर कंक्रीट के जंगल और प्रदूषित हवा के गैस चैंबर बनते जा रहे हैं। आम आदमी पार्टी इन समस्याओं से निजात दिलाएगी।

क्या बोले चुनाव प्रभारी देवेंद्र शास्त्री

आम आदमी पार्टी राजस्थान के चुनाव प्रभारी देवेंद्र शास्त्री ने कहा कि घोषणा-पत्र में शिक्षा, भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन और सफाई व्यवस्था को प्राथमिकता दी गई है। पार्टी का मानना है कि आज के स्कूलों में तैयार होने वाली पीढ़ी ही कल के राजस्थान के शहरों और समाज का निर्माण करेगी। नगर निकायों के अधीन आने वाली शिक्षा व्यवस्था में बेहतर आधारभूत सुविधाओं के साथ आधुनिक शिक्षा, डिजिटल सुविधाओं और Skill Development एवं Career Guidance पर जोर दिया जाएगा। हम लोकल बॉडीज के तहत ऐसी प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था का उदाहरण पेश करेंगे, जहां बच्चे मानसिक रूप से सक्षम, जागरूक और वैज्ञानिक सोच के साथ आगे बढ़ने में सक्षम हों।

देवेंद्र शास्त्री ने कहा कि स्थानीय निकायों की कार्य क्षमता इसलिए बहुत कम है, क्योंकि भ्रष्टाचार चरम पर है। बिना घूसखोरी के काम कराना लगभग नामुमकिन हो गया है। आम आदमी पार्टी के कनवीनर अरविंद केजरीवाल का इस मामले में सोच एकदम साफ है कि किसी भी व्यवस्था से भ्रष्टाचार हटा दीजिए, जनता को खुद-ब-खुद साफ सुथरी सेवाएं मिलने लगेंगी। आम आदमी पार्टी को अगर किसी निगम, परिषद या पालिका की बागडोर मिलती है तो हम भ्रष्टाचार मुक्त स्थानीय निकाय का आदर्श स्थापित करने के लिए काम करेंगे।

मोहल्ला क्लीनिक योजना लागू करने का वादा

किसी भी शहर की जनता आम आदमी पार्टी को अपने शहर का प्रशासन सौंपेगी तो हम आम आदमी पार्टी की पॉपुलर मोहल्ला क्लीनिक योजना वहां लागू करेंगे। स्वच्छता के क्षेत्र में आधुनिक मशीनरी और तकनीक के इस्तेमाल, सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की बात घोषणा-पत्र में कही गई है। सड़क, फुटपाथ और सार्वजनिक परिवहन के क्षेत्र में बेहतर आवागमन, ट्रैफिक और जाम को न्यूनतम करने पर जोर दिया गया है। सार्वजनिक परिवहन को अधिक सुविधाजनक एवं सुलभ बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।

शहरों में बढ़ते प्रदूषण को कम करने के लिए रोज का कचरा उसी दिन डिस्पोज करने, सड़कों पर वाहनों के प्रदूषण को कम करने पर जोर दिया गया है। साथ ही खुली बिजली की तारों को चरणबद्ध रूप से भूमिगत करने की दिशा में काम करने की बात कही गई है। निर्माण अनुमति की प्रक्रिया को सरल, प्रभावी और पारदर्शी बनाने की बात कही गई है। सभी नियम और गाइडलाइंस जनता की सुविधा, शहर की जरूरत और भविष्य के नियोजित विकास को ध्यान में रखकर तैयार करने पर जोर दिया गया है।

कांग्रेस और भाजपा को लेकर क्या बोले देवेंद्र शास्त्री

देवेंद्र शास्त्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी राजस्थान कांग्रेस और भाजपा के बीच चल रही राजनीतिक मिलीभगत के खिलाफ एक वैकल्पिक राजनीतिक मंच के रूप में जनता के सामने है। उन्होंने कहा कि जहां संगठन मजबूत है, विशेष रूप से जयपुर जैसे बड़े शहरों में ही नहीं छोटे शहरों में भी पार्टी कांग्रेस और भाजपा के सामने मजबूत विकल्प प्रस्तुत करने जा रही है।

उन्होंने कहा कि जयपुर नगर निगम सहित विभिन्न निकाय क्षेत्रों में पार्टी की कोशिश है कि शिक्षित, योग्य, ईमानदार और स्थानीय मुद्दों की गहरी समझ रखने वाले लोगों को उम्मीदवार बनाया जाए, जो केवल चुनाव लड़ने के बजाय अपने वार्ड और शहर की समस्याओं को समझकर समाधान के लिए काम कर सकें। प्रेस कॉन्फ्रेंस मे प्रदेश सचिव जुगल किशोर शर्मा, जिला अध्यक्ष अमित दाधीच, पार्षद प्रत्याशी संगीता गौड़ वार्ड नंबर 54 सहित प्रदेश चुनाव समिति के सदस्य मौजूद रहे।

Updated on:
02 Sept 2026 06:03 pm
Published on:
02 Sept 2026 06:02 pm