जयपुर

भूमाफिया के फ्लैट में छुपा बैठा था आस मोहम्मद, दबिश दी तो भागा

एसीबी ने पैतृक घर पर भेजा नोटिस
less than 1 minute read
Feb 27, 2019
Feature image

जयपुर. झोटवाड़ा एसीपी रहे आस मोहम्मद की तलाश में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की 2 टीमों ने जयपुर के 4 भूमाफिया के यहां दबिश दी। लेकिन एसीबी पहुंची उससे पहले आस मोहम्मद वहां से भाग निकला। एसीबी सूत्रों ने बताया कि विभाग के अधिकारियों के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरोत्तमलाल वर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देशराज के नेतृत्व में अलग-अलग टीमों ने दबिश दी।

टीम में शामिल सदस्यों ने बताया कि फरारी के दौरान आस मोहम्मद भूमाफिया के फ्लैट में छुपा था। भनक लगने पर टीम ने दबिश दी लेकिन वह एक-दो दिन में जगह बदलता रहा है। एएसपी देशराज ने बताया कि एसीबी के समक्ष उपस्थित होने के लिए पैतृक घर पर नोटिस भेजा है। सूत्रों के अनुसार आस मोहम्मद हाजिर नहीं हुआ तो कोर्ट से वारंट निकलवाकर उसे भगोड़ा घोषित कराने की कार्यवाही की जाएगी।

पीडि़तों की अब भी कतार
इधर, आस मोहम्मद के खिलाफ शिकायत लेकर आने वाले पीडि़तों का एसीबी और डीसीपी पश्चिम के यहां अब तक तांता लगा हुआ है। मंगलवार को एसीबी और डीसीपी दफ्तर में सुबह से शिकायतकर्ता जमे हुए थे। डीसीपी विकास शर्मा आस मोहम्मद के खिलाफ आ रही शिकायतों की खुद जांच कर रहे हैं।

Published on:
27 Feb 2019 11:11 am