जयपुर

सेहत से हो रहा खिलवाड़, पनीर खाने के हैं शौकीन तो खरीदने से पहले बरतें सावधानी

बाजार में मिलावटी पनीर की हो रही बिक्री, राजधानी में रोजाना 5 से 8 हजार किलो पनीर आ रहा बिक्री के लिए
2 min read
Aug 04, 2018
jaipur
सेहत से हो रहा खिलवाड़, पनीर खाने के हैं शौकीन तो खरीदने से पहले बरतें सावधानी

विजय शर्मा/जयपुर. यदि आपको स्पेशल पनीर की सब्जी खाना पसन्द है तो यह खबर सीधे आपसे जुड़ी है। राजधानी में सस्ते और सफेद-चमकदार पनीर के नाम पर जनता की सेहत से खिलवाड़ किया जा रहा है। खुद खाद्य विभाग मान रहा है कि जयपुर में अलवर-भरतपुर के कई इलाकों से घटिया व स्वास्थ्य को हानि पहुंचाने वाला 5 से 8 हजार किलो पनीर रोजाना आ रहा है। चिकित्सा-स्वास्थ्य विभाग ने हाल ही दूध और उससे निर्मित वस्तुओं में मिलावट के खिलाफ अभियान चलाया तो 6 कार्रवाई में ही इस धोखे की परतें खुलती गईं।

ऑयल डाल करते हैं चिकना
विभाग की टीम ने जहां भी कार्रवाई की, एक ही तरह का घटिया पनीर पाया गया। यह बदबू वाला वस्वास्थ्य के लिए हानिकारक पाया गया। अच्छे पनीर में चिकनाहट होती है, घटिया पनीर में ऑयल से चिकनाहट पैदा की जाती है। इसमें दूध का पाउडर भी डाला जाता है, जबकि अच्छे पनीर में सिर्फ दूध का इस्तेमाल करते है। ऐसा कारोबार करने वाले घटिया सामग्री का उपयोग करते हैं, जिससे बीमारी होती हैं।

सस्ते के चक्कर में खा रहे धोखा
सरस समेत अन्य ब्राण्ड का पनीर 300 रुपए किलो मिलता है, जबकि अलवर-भरतपुर से आया मिलावटी पनीर 140 रुपए किलो तक बेचा जा रहा है। यह पनीर जयपुर के बाजारों में 200 रुपए प्रति किलो तक बिक रहा है। सस्ता और चमकदार होने के कारण लोग इस पनीर के नाम पर धोखा खा रहे हैं।

हो सकते हैं ये नुकसान
सीनियर फिजीशन डॉ. अमितभूषण शर्मा के अनुसार दूषित पनीर के माध्यम से फैले बैक्टेरिया, वायरस एवं परजीवी बेहद खतरनाक हो सकते हैं। ये पाचनतंत्र में वर्षों तक रह सकते हैं, जिनकी पहचान थोड़ी मुश्किल होती है। कमजोर रोग प्रतिरोधक क्षमता वाले लोग और गर्भवती महिलाओं की आंतों में इनके कारण काफी मात्रा में नुकसान पहुंचता है। समय पर ध्यान नहीं देने से आंतों में जख्म भी हो सकता है। ये बच्चों में खाद्य पदार्थों से एलर्जी भी उत्पन्न कर सकता है। डायबिटीज, हॉर्ट के मरीज को बैक्टिरिया संक्रमण हो जाए तो उसकी बीमारी बढ़ जाती है।

Published on:
04 Aug 2018 11:41 am