
आंधी. थाना क्षेत्र के गांवों में इन दिनों कुओं और ट्यूबवेलों की थ्री-फेज मोटरों एवं सबमर्सिबल पम्पों की केबल चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ने से किसानों में दहशत का माहौल है। चोर आए दिन किसी न किसी गांव में वारदात को अंजाम देकर पुलिस की गश्त और मुस्तैदी को खुली चुनौती दे रहे हैं। लगातार हो रही चोरियों से किसानों को हजारों रुपए का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
पुलिस ने बताया कि दो दिन पहले रात को चोरों ने गांव नाभावाला में किसान ओमप्रकाश शर्मा के ट्यूबवेल से करीब 450 फीट केबल चुरा ले गए। पीड़ित किसान शर्मा ने बताया कि ट्यूबवेल में लगी लोरिंग पम्प खराब होने पर उसे मरम्मत के लिए बाहर निकाला गया था, वापस आकर देखा तो केबल गायब मिली। इस चोरी से उन्हें करीब 25 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।
इसी प्रकार रविवार रात गांव कोलीवाड़ा में तालाब के पास स्थित खेतों में चोरों ने एक साथ पांच ट्यूबवेलों को निशाना बनाया। सुबह किसान खेतों पर पहुंचे तब घटना की जानकारी लगी। पीड़ित किसानों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तथा तथा मौका स्थल से वारदातों के साक्ष्य जुटाए। चोरों ने कोलीवाड़ा से कुल मिलाकर करीब एक हजार फीट केबल चोरी कर ली गई। लगातार हो रही केबिल चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के किसानों में रोष व्याप्त है। किसानों ने पुलिस से रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने, केबिल चोर गिरोह का शीघ्र खुलासा करने तथा आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।
इनकी इतनी केबल चोरी::::
- बाबूलाल गुर्जर – 150 फीट
- भगवान सहाय गुर्जर – 200 फीट
- रोहनलाल गुर्जर – 200 फीट
- बालूराम गुर्जर – 300 फीट
- गोपाल बलाई – 150 फीट
इनका कहना
केबल चोरी की वारदातों का खुलासा करने के लिए एक विशेष टीम गठित की है। चोरों को शीघ्र सुराग लगा कर मामले खोले जाएंगे।
- राजेन्द्र मीणा, थानाधिकारी, आंधी।