राजधानी जयपुर में पुलिसकर्मियों की दबंगई सामने आ रही है। सोशल मीडिया पर जयपुर पुलिस की दंबगई का वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। जिसमें दिख रहा है कि एक बच्चा पुलिसकर्मियों के पैर पकड़ रहा है और पुलिसकर्मी उसके पिता के साथ जमकर मारपीट कर रहे है।
भांकरोटा थाना क्षेत्र में जयसिंहपुरा में एक महिला को घर से निकालने और उससे अभद्रता करने की सूचना पर पहुंची पुलिस का एक अमानवीय वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। महिला से अभद्रता करने पर पुलिसकर्मी उसके पति को पकडक़र थाने ला रहे थे, उसी समय पति के अन्य परिजन ने यह वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया। वीडियो सामने आने के बाद डीसीपी वेस्ट अमित कुमार ने भांकरोटा थाने के हेड कांस्टेबल सुनील और कांस्टेबल राजपाल को सस्पेंड कर दिया। मामले की जांच एडिशनल डीसीपी गुरुशरण राव को सौंपी गई है। वीडियो में महिला का सात साल का बेटा पिता को छुड़ाने के लिए पुलिसकर्मियों के आगे गिड़गिड़ा रहा है…हाथ जोड़ रहा है…पैर पकड़ रहा है। बच्चे के जमीन पर पड़े पिता को पुलिसकर्मी दबोचे बैठे हैं।
भांकरोटा थानाधिकारी राजकुमार मीणा ने बताया कि एक महिला ने सोमवार रात को शिकायत की कि पति और अन्य ससुरालवालों ने उसे घर से बाहर निकाल दिया और घर के बाहर ताला लगा दिया। मंगलवार को महिला ने फिर शिकायत की कि उसे घर में नहीं घुसने दिया जा रहा है। इस पर महिला पुलिसकर्मी के साथ पुलिसकर्मी महिला के घर पहुंचे। महिला का पति और अन्य ससुराल वाले समझाने के बाद भी पुलिसकर्मियों के सामने महिला से गाली गलौच कर अभद्रता करने लगे। पुलिसकर्मी आरोपी पति को पकडक़र थाने ला रहे थे। तब वह पुलिसकर्मियों से छूटकर भागने का प्रयास कर रहा था और पुलिसकर्मी उसे पकडऩे का प्रयास कर रहे थे। इसी बीच उन्होंने आरोपी को मारना-पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान आरोपी का बच्चा वहां आ गया। वह पिता को पिटते देख सहम गया और पुलिस वालों के सामने पिता को छोड़ने को लेकर गिड़गिड़ाने लगा। बाद में आरोपी पति और उसके पिता, चाचा और चचेरे भाई को शांति भंग करने के मामले में गिरफ्तार किया। महिला की तरफ से इस संबंध में रिपोर्ट भी दर्ज करवाई गई थी।